सिरसा जिले के इनेलो और कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में सिरसा जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। ऐसे में विधायकों ने इस दौरान विधायकों की विधानसभा सत्र में बहस भी हुई। सीएम नायब सिंह सैनी ने भी उन सवालों का जवाब दिया है।
.
विधानसभा में इनेलो के विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल ने सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान डबवाली को जल्द से जल्द जिला बनाने की बात रखी। आदित्य बोले कि चौटाला गांव को महाग्राम योजना के तहत लिया है, लेकिन महाग्राम योजना में जो कार्य किए जा रहे हैं, वो बेहद घटिया स्तर के हैं। गावं की सारी गलियां उखाड़ दी गई हैं, जिससे ग्रामवासियों को बेहद परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।
मैटेरियल के सैंपल भरवाने और उसकी शिकायत करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। तीसरा मुद्दा ओटू डैम की खुदाई न होने का उठाते हुए कहा कि ओटू डैम का निर्माण स्वर्गीय चौ. ओमप्रकाश चौटाला ने मुख्यमंत्री रहते करवाया था। 2005 के बाद ओटू डैम की खुदाई नहीं की गई है, जिसके कारण उसकी पानी जमा करने की क्षमता बहुत कम हो गई है।

इनेलो विधायक आदित्य देवीलाल विधानसभा में सवाल करते हुए।
राजस्थान कैनाल पर बने पुल हुए क्षतिग्रस्त
आदित्य बोले कि चौथा मुद्दा गंगा गांव में गुरु जंभेश्वर सेंटर के लिए सरकार ने 4 करोड़ 80 लाख रूपए मंजूर किए हुए हैं, लेकिन आज तक उसका काम शुरू नहीं किया गया है। 5वां मुद्दा राजस्थान कैनाल पर पांच पुल बने हैं, जो आज इतने क्षतिग्रस्त हो चुके हैं कि उनको सरकार द्वारा ही बोर्ड लगाकर खतरनाक घोषित किया जा चुका है।
बावजूद इसके उनकी मरम्मत नहीं की गई है। इसकी एक वीडियो भी मंत्री रणबीर गंगवा को भेजी हुई है। ढाणियों में बिजली देने का प्रावधान विधायक को मिलने वाली ग्रांट में किया जाए, ताकि ढाणियों में आ रही बिजली की समस्याओं को दूर करने के लिए खर्च किया जा सके।

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए।
जलभराव से किसानों की बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग अर्जुन चौटाला ने उठाई
रानियां से इनेलो के विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदेश में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रोहतक, हिसार और भिवानी समेत कई जिलों में जलभराव के कारण किसानों की हजारों एकड़ फसलें बर्बाद हो गई। कई जगह पशुओं को चारे का भी अभाव हो गया। पानी की निकासी के लिए सरकार ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। सप्लीमेंट्री प्रश्न पूछते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि उनका सवाल है कि किसानों को मुआवजा कब तक दिया जाएगा? दूसरा सवाल है कि प्रधानमंत्री की एक रैली यमुनानगर में हुई थी। उसके लिए जिन किसानों की जमीन ली गई थी, उनकी गेंहू की फसल काटी गई थी और किसानों को 50000 रूपए का मुआवजा दिया गया था। तो क्या हरियाणा के अंदर जो बाढग़्रस्त इलाके हैं, जहां किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनको भी सरकार कम से कम 50000 रूपए मुआवजा देगी?

कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाला।
सीईओ को लेकर कहरवाला ने पूछे सवाल
कालांवाली विस सीट से कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाला सीईटी को लेकर बोले कि चार पेपर का पैटर्न एक जैसा नहीं रख पाए। अब कह रहे हैं कि नॉर्मलाइजेशन करेंगे। आपका कोई मापदंड नहीं है कि किस मापदंड से करेंगे। और क्या करेंगे। जिन बच्चों का पेपर आसान था, उनको भय है कि हमारे नंबर काटे जाएंगे या नहीं। सवाल किया कि क्या सरकार हर साल सीईअी को कराएगी।