शिवम तिवारी | बांदाकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

बांदा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 क्विंटल 1 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जिसकी अनुमानित कीमत 2.5 से 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से फतेहपुर निवासी ट्रक ड्राइवर चंदन पुत्र मुन्नु लाल को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मटौंध थाना पुलिस और एसओजी टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश के रास्ते एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। इसी दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स झांसी प्रभारी चंदन पांडेय ने भी ट्रक में गांजा होने की सूचना दी। जो मध्य प्रदेश से बांदा होते हुए महोबा की ओर जा रहा था।

पुलिस ने गोयरा मुगली मोड़ के पास ट्रक को घेराबंदी कर रोक लिया। तलाशी में ट्रक के ऊपर नारियल की रस्सियों के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार ड्राइवर चंदन ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा उड़ीसा से लाया गया था। उसे बबेरू निवासी अंजनी तिवारी ने महोबा तक खेप पहुंचाने का आदेश दिया था। अंजनी ने उड़ीसा में कुछ अज्ञात व्यक्तियों के जरिए ट्रक में गांजा लोड करवाया था और ऊपर से रस्सियां रख दी थीं, ताकि किसी को शक न हो।

ड्राइवर चंदन ने बताया कि अंजनी ने उसे इस काम के लिए 3 लाख रुपये देने का वादा किया था और महोबा में डिलीवरी स्थान की जानकारी बाद में फोन पर देने की बात कही थी। चंदन ने यह भी स्वीकार किया कि उसने और उसके कंडक्टर रईस (कानपुर निवासी) ने खुद के लिए 50-50 किलोग्राम गांजा अलग से रख लिया था। रास्ते में रईस सासाराम (बिहार) में ट्रक से उतरकर फरार हो गया।
चंदन के अनुसार, 701 किलोग्राम गांजा अंजनी तिवारी का था, जबकि 100 किलोग्राम उसका और रईस का था।
पुलिस अब मुख्य सरगना अंजनी तिवारी समेत अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि यह अवैध गांजा नेटवर्क किन लोगों के माध्यम से संचालित होता था और इसकी सप्लाई किन-किन राज्यों में की जाती थी। गौरतलब है कि अंजनी तिवारी को वर्ष 2023 में थाना जेवर की पुलिस ने भी 7 क्विंटल अवैध सूखे गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।