शिवम तिवारी | बांदाकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

बांदा पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना मिलने के पांच घंटे के भीतर चोरी का ई-रिक्शा, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर की गई।
यह घटना 12 अक्टूबर 2025 की रात को हुई थी। मरका थाना क्षेत्र के इंगुवा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक दीपक पुत्र मुन्ना ने कोतवाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। दीपक ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन पर सवारी लेने गया था।

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति उसके पास आए और मवई से सामान लाने को कहा। दो व्यक्ति ई-रिक्शा में बैठ गए, जबकि मोटरसाइकिल चालक उनके पीछे-पीछे चलने लगा। मवई तालाब के पास दीपक पेशाब करने के लिए उतरा, तभी तीनों आरोपी उसका ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर टीमों का गठन किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस को जानकारी मिली कि मवई में आर्यन/रेंजर ढाबे से पहले कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के साथ खड़े हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी का ई-रिक्शा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, दो चोरी के मोबाइल फोन और 600 रुपये बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, आरोपी वीरेंद्र उर्फ चच्चा के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान वीरेंद्र उर्फ वीरेंद्रा उर्फ चच्चा पुत्र गंगादीन (निवासी डांडिन पुरवा महोखर, थाना कोतवाली देहात, बांदा), अशोक पुत्र लक्ष्मी (निवासी घंसौर, थाना बिसंडा, बांदा) और सिकंदर पुत्र मुन्ना (निवासी पड़री, थाना बबेरू, बांदा) के रूप में हुई है।