बहादुरगढ़ के होशियार सिंह स्टेडियम में टूटा पड़ा बास्केटबाल पोल। अमन के शव का अंतिम संस्कार करते परिजन और मृतक अमन का फाइल फोटो।
बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में जर्जर बास्केटबॉल पोल गिरने से घायल 15 वर्षीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अमन की मौत हो गई। सोमवार रात पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान अमन ने दम तोड़ दिया। मंगलवार शाम गमगीन माहौल में दिवंगत का अंतिम संस्का
.
अमन 10वीं कक्षा का छात्र था और श्रीरामा भारती पब्लिक स्कूल में पढ़ता था। कुछ दिन पहले ही स्कूल में हुई खेलकूद प्रतियोगिता में उसने पदक जीतकर लाया था। अमन अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था और दो बहनों का इकलौता भाई था। पिता सुरेश कुमार डीआरडीओ कार्यालय में ग्रुप-डी कर्मचारी हैं और परिवार लाइन पार की वत्स कॉलोनी में रहता है।

बहादुरगढ़ के होशियार सिंह स्टेडियम में खेल के दौरान टूटकर पड़ा बास्केटबाल पोल, जिसके नीचे दबने से अमन घायल हुआ था और पीजीआई में उसकी मौत हो गई।
खेल के दौरान पेट पर गिर गया था पोल
अमन के चचेरे भाई रोहित के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अमन रोजाना की तरह स्टेडियम में अभ्यास के लिए गया था। मात्र 10 मिनट बाद ही परिवार को सूचना मिली कि बास्केटबॉल स्टैंड गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। गिरा हुआ पोल अमन के पेट पर लगा, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। बताया गया कि बास्केटबॉल पोल काफी समय से जर्जर अवस्था में था और अचानक टूटकर गिर गया।
परिजनों का आरोप- इलाज में लापरवाही के कारण हुई मौत
सिविल अस्पताल से अमन को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, लेकिन परिवार का आरोप है कि वहां समय पर इलाज न मिलने से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। रोहित ने बताया कि उन्होंने डॉक्टरों की लापरवाही का विरोध भी किया, लेकिन उल्टा उनके खिलाफ ही कार्रवाई की गई। अंततः सोमवार रात अमन ने दम तोड़ दिया।

बहादुरगढ़ के लाइन पार स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान गमगीन अमन के परिजन।
लोगों में रोष, कार्रवाई की मांग
अमन की मौत ने पूरे बहादुरगढ़ में खेल प्रेमियों और समाजसेवियों में रोष पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि जर्जर खेल संरचना और विभागीय लापरवाही ने एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की जान ले ली।
समाजसेवी राजकुमार अरोड़ा ने कहा कि यह मौत स्पष्ट रूप से लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभागीय उदासीनता के कारण एक उभरते खिलाड़ी की असामयिक मौत हो गई। परिवार टूट गया है। इसकी जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई अनिवार्य है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि स्टेडियम में सभी खेल उपकरणों और संरचनाओं की तकनीकी जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। यह दर्दनाक हादसा सवाल खड़े करता है कि क्या खेल सुविधाओं की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने में विभाग नाकाम हो रहा है।