सिरसा में फिर चोरी वारदात, टेंट हाउस को बनाया निशाना:30 हजार नकदी-चांदी की चेन चुराई, एंट्री करते समय सीसीटीवी-कैमरों का मुंह घुमाया

Actionpunjab
3 Min Read




सिरसा में सिटी थाना एरिया में एक बार फिर से चोरी की वारदात हो गई। इस बार टेंट हाउस को चोरों ने निशाना बना लिया और दुकान से 30 हजार रुपए की नकदी और चांदी की चेन चुरा ली। चोर इतने शातिर थे कि दुकान में चोरी के लिए एंट्री के समय वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का मुंह घुमा दिया, ताकि पहचान में ना आ सके। जानकारी के अनुसार, यह घटना सिरसा के केलनिया रोड स्थित चावला टेंट हाउस की है। जहां चोरी की वारदात हो गई। इसका एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक अपने मुंह पर कपड़ा ढ़के दिख रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, कुछ लोगों पर शक जताया जा रहा है, पर अभी उनके नाम उजागर नहीं किए हैं। वहीं, पिछले कुछ दिनों से शहर में चोरी की वारदात बढ़ रही है। पहले बाजार में सरेआम महिलाओं से छीनाझपटी एवं लूट-पाट की वारदात हो रही थी। अब दुकानों में चोरी की वारदात हो रही है। पिछले दिनों रोड़ी बाजार में तीन दुकानों के एक साथ ताले टूटे और तीन लाख से ज्यादा की नकदी व सामान चुरा लिया था। वहीं, इन घटनाओं से व्यापारियों में इस चोरी की घटना को लेकर रोष है। व्यापारियों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। सुबह दुकान पर मालिक पहुंचा तो शटर टूटा मिला दरअसल, चावला टेंट हाउस में बीती रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए और करीब 25 से 30 हजार रुपये की नगदी के साथ एक चांदी की चेन चोरी कर फरार हो गए।
दुकान मालिक रोहित चावला ने बताया कि सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर नकदी और चांदी की चेन गायब पाई गई। उन्होंने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *