अमृतसर पुलिस ने नकली स्वास्थ्य मंत्री पकड़ा:आरोपी ने मेडिकल अफसर से फोन पर कहा- कुछ लोगों को नौकरी से निकालो

Actionpunjab
3 Min Read




अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने खुद को पंजाब का स्वास्थ्य मंत्री बताकर सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाने और अवैध निर्देश जारी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से प्रभावशाली पद का झूठा रौब दिखाकर अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। इस गंभीर मामले में थाना ए-डिवीजन में 3 फरवरी 2026 को एफआईआर नंबर 16 दर्ज की गई है, जिसमें बीएनएस की धारा 204, 217, 221 और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है। मेडिकल ऑफिसर ने की शिकायत मामले की शुरुआत तब हुई जब सिविल अस्पताल अमृतसर में तैनात एक सीनियर मेडिकल ऑफिसर ने लिखित शिकायत दी। उन्होंने बताया कि 3 फरवरी की सुबह लगभग 10:34 बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह बताते हुए अस्पताल में कथित अव्यवस्थाओं का आरोप लगाया और धमकी भरे लहजे में बातचीत की। आरोपी ने अधिकारी पर अवैध दबाव बनाते हुए कुछ कर्मचारियों को नौकरी से हटाने, कुछ खास लोगों को पदों पर बनाए रखने और सरकारी कामकाज में दखल देने की कोशिश की। उसने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए खुद को मंत्री कार्यालय और सरकारी तंत्र से जुड़ा होने का दावा भी किया। दोबारा पहचान पूछने पर पलटा आरोपी जब मेडिकल अधिकारी ने दोबारा उसकी पहचान पूछी तो वह पलट गया और खुद को मंत्री कार्यालय का कर्मचारी गुरजीत सिंह बताने लगा। लगातार फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे अधिकार का हवाला देने से अधिकारी काफी परेशान हो गए। अधिकारी ने पूरे मामले की जानकारी सिविल सर्जन अमृतसर को दी। सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह से संपर्क किया, जिन्होंने स्पष्ट रूप से ऐसी किसी भी कॉल या निर्देश से इनकार किया और तुरंत कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए। शिकायत की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी ने जानबूझकर मंत्री के नाम का दुरुपयोग कर सरकारी अधिकारी को डराने और प्रभावित करने का प्रयास किया। इसे गंभीर अपराध मानते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *