बरेली में अवैध कॉलोनाइजर्स के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक:45 बीघा की अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, अवैध स्कूल और दुकानों को किया गया सील

Actionpunjab
2 Min Read




बरेली शहर के बाहरी इलाकों में अवैध तरीके से बस रही कॉलोनियों और बिना नक्शा पास कराए खड़े हो रहे व्यावसायिक ढांचों पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने बुधवार को सर्जिकल स्ट्राइक की। कमिश्नर के निर्देशानुसार प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने सीबीगंज के ग्राम मिलक में भारी पुलिस बल के साथ दबिश दी। यहां करीब 45 बीघा जमीन पर बिना किसी मंजूरी के प्लॉटिंग का खेल चल रहा था, जिसे टीम ने बुलडोजर चलाकर मिट्टी में मिला दिया। डॉ. नफीस और साथियों की 45 बीघा की प्लानिंग फेल
ग्राम मिलक में डॉ. नफीस, इंद्रपाल, तसलीम और पप्पन द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध कॉलोनी का विकास किया जा रहा था। बिना बीडीए की स्वीकृति के यहां सड़कें डाल दी गई थीं, साइट ऑफिस बन चुका था और बाउंड्रीवाल का काम भी पूरा हो गया था। बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्कूल और व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स पर जड़ा ताला
सिर्फ ध्वस्तीकरण ही नहीं, बीडीए ने अवैध निर्माण करने वालों को बड़ा आर्थिक झटका भी दिया है। मथुरापुर में रामपुर रोड पर आरिफ द्वारा करीब 200 वर्ग मीटर में बनाए जा रहे अवैध व्यावसायिक निर्माण को टीम ने सील कर दिया।
ग्राम मिलक में शहजाद नाम के व्यक्ति द्वारा लगभग 1500 वर्ग मीटर में अवैध रूप से स्कूल का निर्माण किया जा रहा था। नियमों की धज्जियां उड़ाते देख प्राधिकरण ने इसे भी पूरी तरह सील कर दिया है। नक्शा नहीं तो कार्रवाई पक्की: बीडीए की चेतावनी
सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह और अवर अभियंता संदीप कुमार की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के बाद प्राधिकरण ने सख्त लहजे में जनता को आगाह किया है। बीडीए ने साफ कहा है कि प्लॉट खरीदने या मकान बनाने से पहले मानचित्र की जांच जरूर कर लें। बिना अप्रूवल के किया गया कोई भी निर्माण ‘अवैध’ माना जाएगा और उस पर बुलडोजर चलना तय है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *