महोबा में विवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव:पति-ससुरालियों पर हत्या का आरोप, डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज

Actionpunjab
2 Min Read




महोबा में एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के बुधौरा गांव का है। जानकारी के अनुसार, पुष्पा (28) का शव घर के अंदर फंदे से झूलता पाया गया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुरालियों पर आरोप लगाए। परिजनों ने बताया कि पुष्पा ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अरविंद कुमार से प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ समय बाद अरविंद का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि वह पुष्पा के साथ न केवल अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगा, बल्कि आए दिन उसके साथ मारपीट भी करता था। परिजनों का यह भी आरोप है कि ससुराल में सास, ननंद और देवर भी पुष्पा को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका के चाचा प्रेम ने बताया कि विवाद बढ़ने पर कुछ दिन पहले ही पुष्पा को मायके ले आया गया था। हालांकि, महज एक दिन पहले ही पति अरविंद उसे अच्छे से रखने का वादा कर ससुराल वापस ले गया था। परिजनों को आशंका है कि ससुराल वालों ने पहले पुष्पा के साथ मारपीट की, उसकी हत्या की और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। मृतका की बहन हेमवती और भाई गयादीन ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी पति और ससुराल वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *