अमृतसर में मकान मालिक की हत्या में दो गिरफ्तार:पुलिस ने दिल्ली से पकड़ा, किरायेदार युवकों पर है आरोप, लूटे गए सोने के गहने बरामद

Actionpunjab
4 Min Read




अमृतसर में कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर के अधीन थाना सदर पुलिस ने मकान मालिक की हत्या के मामले को सुलझा लिया है । पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक के अपने ही दो किरायेदार निकले। जानकारी के मुताबिक, हत्या की इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। मामला सामने आते ही थाना सदर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों, तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है। दिल्ली से दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार व गहने बरामद पुलिस टीम ने विशेष कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया कीमती सोने का आभूषण बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, एक तेजधार चाकू और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान इस मामले में अहम साक्ष्य के तौर पर पेश किया जाएगा। इस संबंध में थाना सदर, अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश कब और किस मकसद से रची गई। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अब पढ़िए, क्या था पूरा मामला पंजाब के अमृतसर में 67 साल की एक महिला की हत्या कर दी गई थी। उसकी लाश बेड पर पड़ी मिली थी। आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला किया था और उसे घर में खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गए थे। परिजनों ने किराएदार पर हत्या का शक जताया था। बेटी ने बताया था कि एक किराएदार का विदेश जाने के लिए वीजा लगा था। इसी के चलते आरोपियों ने घर में पार्टी रखी थी। जिसमें उन्होंने बुआ के लड़के को बुलाया था और उसे शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद आधी रात में लूट के इरादे से हत्या कर दी गई थी। महिला की पहचान वीना रानी के रूप में हुई थी, जो मजीठा रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में अकेली रहती थीं। वह बिजली बोर्ड से रिटायर्ड थीं। उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया था। यह घटना 28 जनवरी की थी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *