राज्यसभा चुनाव को लेकर विधायकों पर टिकी सबकी नजर:झज्जर में MLA वत्स के भतीजों की शादी लंच कल, सीएम सैनी भी आ सकते हैं

Actionpunjab
3 Min Read




हरियाणा में 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज है। इसी बीच झज्जर जिले के बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स शनिवार को पूरे दिन अपने भतीजों की शादी के लंच की तैयारियों में व्यस्त नजर आए। झज्जर की अनाज मंडी में रविवार को होने वाले लंच कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का उन्होंने स्वयं निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़ी तैयारियों में शामिल रहे। भतीजों की शादी के उपलक्ष्य में रविवार को झज्जर की अनाज मंडी में बड़ा लंच कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कई राजनीतिक नेताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज दूसरी ओर 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में लगातार हलचल बनी हुई है। हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि कौन विधायक कहां जा रहा है और किससे मिल रहा है। सियासी हलकों में गुप्त तरीके से यह भी सुराग लगाए जा रहे हैं कि कहीं जोड़-तोड़ की राजनीति तो नहीं चल रही। कांग्रेस के 31 विधायक हिमाचल में, 6 हरियाणा में राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने 37 विधायकों में से 31 विधायकों को हिमाचल प्रदेश भेज दिया है, जहां वे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी की निगरानी में ठहरे हुए हैं। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित छह विधायक अभी हरियाणा में ही मौजूद हैं। इन विधायकों की गतिविधियों पर भी राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है। दोनों दल रणनीति बनाने में जुटे राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने में लगे हुए हैं। ऐसे में विधायकों की गतिविधियों को लेकर अटकलों का दौर भी जारी है। कुलदीप वत्स बोले- कांग्रेस के सभी विधायक एकजुट बादली विधायक कुलदीप वत्स ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और हर हाल में कांग्रेस का प्रत्याशी ही चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने विधायकों पर पूरा भरोसा है और किसी तरह की टूट की संभावना नहीं है। आज और कल की रात पर सबकी नजर राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि राज्यसभा चुनाव से पहले आज और कल की रात काफी अहम हो सकती है। किसी भी सियासी हलचल की संभावना को लेकर सभी दल सतर्क हैं। 16 मार्च को होने वाले मतदान से पहले प्रदेश की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *