![]()
हरियाणा में कैथल जिला के गांव करोड़ा के युवक की अमेरिका में हार्ट अटैक से मौत के बाद अब पार्थिव शरीर को भारत लाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इस काम में समाजसेवी राजबीर लोहान के छोटे भाई जसबीर लोहान अमेरिका के फ्रेस्नो शहर पहुंचकर जुट गए हैं। परिवार को बेटे के अंतिम दर्शन करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सरकार से भी मदद की अपील की जा रही है। फ्रेस्नो पहुंचकर संभाली जिम्मेदारी
अमेरिका के फ्रेस्नो शहर में युवक की मौत के बाद जसबीर लोहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां से पार्थिव शरीर को भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि यह बेहद दुखद समय है और कोशिश है कि जल्द से जल्द शव भारत पहुंचे, ताकि परिवार अपने बेटे के अंतिम दर्शन कर सके। हार्ट अटैक से हुई थी मौत
मृतक की पहचान सुनील उर्फ मोना करोड़ा के रूप में हुई है। वह कैलिफोर्निया में रह रहा था। रात को अपनी मां से बातचीत करने के बाद वह सो गया था। उसके साथ रहने वाले युवक जब बाहर से लौटे तो वह बेड के नीचे पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीन साल पहले डंकी रूट से गया था विदेश
रिश्ते में चाचा विजेंद्र ने बताया कि सुनील मई 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। परिवार ने करीब 40 लाख रुपए खर्च कर उसे विदेश भेजा था। वहां वह गाड़ी चलाने का काम करता था और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद थी। मां से हुई थी आखिरी बातचीत
सुनील अविवाहित था और परिवार में उसकी मां व बड़ा भाई है। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना से पहले उसने अपनी मां से फोन पर बात की थी और कहा था कि रात हो गई है, अब वह सोने जा रहा है। इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। परिवार ने लगाई सरकार से गुहार
परिजनों ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए कर्ज तक लेना पड़ा था। अब उसकी मौत के बाद परिवार सदमे में है। परिवार ने सरकार से मांग की है कि शव को भारत लाने में मदद की जाए। समाज से साथ देने की अपील
समाजसेवी राजबीर लोहान ने कहा कि इस दुख की घड़ी में हर व्यक्ति को परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अमेरिका में हरियाणा के युवक की मौत का मामला:समाजसेवी रणवीर लोहान से तेज हुई शव भारत लाने की मुहिम, हार्ट अटैक से हुई थी फ्रेस्नो शहर में मौत
Leave a comment