![]()
सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शांति नगर में किराए के मकान पर दबिश देकर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी क्रिकेट सहित अन्य ऑनलाइन गेमिंग पर सट्टा लगवाने का काम करते थे। पुलिस ने इनके पास से एटीएम कार्ड,पासबुक सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि ह्यूमन इंटेलिजेंस और टेक्निकल सोर्सेज के जरिए साइबर सेल सीकर के साथ मिलकर यह पूरी कार्रवाई की गई। सीकर के शांति नगर में चौखाराम के मकान पर रेड करके दो आरोपी अमित कुमार (22) पुत्र राधेश्याम कुमावत निवासी सेवली और धर्मपाल जाट (22) पुत्र रामदेवाराम निवासी लालास को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वर्तमान में चल रहे आईपीएल के क्रिकेट मैच और अन्य ऑनलाइन गेम्स पर सट्टा लगवाने का काम करते थे। इनके पास से कई एटीएम कार्ड,बैंक पासबुक,सिम कार्ड भी मिले हैं। जिन्हें जब्त करके आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करके इन्वेस्टिगेशन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी सीकर में रहकर कोई प्राइवेट नौकरी करते थे। इसी दौरान यह ऑनलाइन गेमिंग के गिरोह से जुड़े और फिर इन्होंने यहां किराए के मकान में ही ऑनलाइन गेमिंग का काम शुरू कर दिया था।
ऑनलाइन गेमिंग करवाने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार:किराए के मकान पर पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा,मोबाइल सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिली
Leave a comment