.
लुधियाना की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए घोषित की गई आठ प्रमुख सड़कों पर येलो लाइन का उल्लंघन अब महंगा पड़ेगा। पुलिस ने इन सड़कों को ‘नो-टोलरेंस जोन’ घोषित करते हुए यहां येलो लाइन के बाहर किसी भी तरह का सामान या वाहन खड़ा करने पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को चंडीगढ़ रोड पर येलो लाइन के बाहर खड़े वाहनों के चालान भी किए और दुकानदारों को इस बारे में जागरूक किया।
शहर के इन 8 स्थानों पर नो-टोलरेंस जोन घोषित किया गया है, दंडी स्वामी चौक से हैबोवाल चौक, दुगरी रोड पर आत्म पार्क से लिबड़ा कट, पखोवाल रोड पर इंडोर स्टेडियम के दोनों ओर, चंडीगढ़ रोड पर सरकारी हाई स्कूल से मुंडियां कट तक, भामियां रोड पर न्यू ओंकार विहार से भामियां कॉलोनी कट तक, राहों रोड पर बस्ती जोधेवाल चौक से जागीरपुर रोड कट तक, और फील्ड गंज में जगराओं पुल से सिविल अस्पताल तक।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस इन इलाकों में लगातार मुआयना कर रही है। सीपी ने साफ हिदायत दी है कि कोई भी दुकानदार या रेहड़ी वाला येलो लाइन के बाहर सामान नहीं लगाएगा। पहले नोटिस दिया जाएगा, फिर भी नियम तोड़ा तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को पुलिस ने चंडीगढ़ रोड पर येलो लाइन के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए चालान किए।
ट्रैफिक पुलिस ने चालान के साथ-साथ दुकानदारों को येलो लाइन का महत्व भी समझाया। पुलिस का कहना है कि अगर येलो लाइन का पालन किया जाए, तो ट्रैफिक जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
^ लगातार फीड बैक लिया जा रहा है। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। जो लोग उल्लंघन कर रहे हैं, उन्हें नोटिस दिए जाएंगे। अगर, फिर भी नहीं माने तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। – स्वप्न शर्मा , पुलिस कमिश्नर, लुधियाना