- Hindi News
- National
- IMD Weather Update; Rainfall Heatwave Alert | Rajasthan Delhi MP UP Maharashtra
नई दिल्ली2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक बेंगलुरु में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
बेंगलुरु में रविवार को तेज बारिश हुई। यहां 110 मिमी. से ज्यादा बारिश होने से सड़कों और घरों में पानी भर गया। कई इलाकों में गाड़ियां डूब गईं और वाटर लॉगिंग वाले इलाकों से लोगों को रेस्क्यू करना पड़ा।
बेंगलुरु के महादेवपुरा इलाके में दीवार गिरने से 35 साल की महिला की मौत हो गई है। रेस्क्यू टीम ने बताया- बीती रात की भारी बारिश के बाद दीवार की नींव कमजोर हो गई, जिससे हादसा हुआ।
मौसम विभाग ने बेंगलुरु में आज और कल भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 KMPH की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश का दौर इस हफ्ते के आखिर तक जारी रह सकता है।
बेंगलुरु में बारिश के बाद बने हालात 5 तस्वीरों में…

भारी बारिश के बाद बेंगलुरु के कई इलाकों में पानी भर गया है। लोगों के घरों के अंदर तक पानी पहुंच गया है।

शहर की अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया है। गाड़ियां डूब गई हैं।

बुलडोजर की मदद से सड़कों से पानी को हटाया जा रहा है। (तस्वीर- सिल्क बोर्ड मेट्रो स्टेशन के बाहर की है)

रेस्क्यू टीम जलभराव वाले इलाकों में फंसे परिवारों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट कर रही है।

लोग बाल्टियों की मदद से घरों के अंदर भरा पानी साफ करने में लगे हैं।
राजस्थान में तेज गर्मी, एमपी में लू का अलर्ट
राजस्थान में तेज गर्मी का दौर जारी है। रविवार को जयपुर के SMS स्टेडियम में IPL मैच देखने पहुंचे दर्शक गर्मी की वजह से लौट गए। आज भी प्रदेश में यहीं मौसम बना रह सकता है। वहीं, मध्य प्रदेश में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
इधर, बिहार और कश्मीर में रविवार को आंधी और बिजली गिरने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई। बिहार में 5 की मौत बिजली गिरने और एक महिला की मौत पेड़ गिरने से हुई। वहीं, कश्मीर के शोपियां जिले के बेहक गडर गांव में पेड़ के नीचे दबकर पिता और बेटी की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को MP-झारखंड समेत 14 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, राजस्थान में धूलभरी आंधी के साथ हीट वेव की चेतावनी है।

मॉनसून की स्थिति
दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप समूह और अंडमान सागर के शेष भागों तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर आगे बढ़ा है।
मौसम के मुताबिक अगले तीन-चार दिनों के दौरान दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए सही स्थिति है।
राज्यों से मौसम की तस्वीरें

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में शनिवार को आंधी-तूफान के चलते मकान का एक हिस्सा गिर गया।

मध्य प्रदेश के विदिशा में रविवार रात तेज बारिश के साथ आंधी भी चली।

तमिलनाडु के त्रिची समेत कई जिलों में रविवार दोपहर के बाद मौसम बदला और बारिश हुई।

हिमाचल के मंडी में सोमवार सुबह तेज बारिश के साथ आंधी चली।

रांची में बारिश की वजह से जलभराव हो गया।

राजस्थान के झालावाड़ में रविवार को हुई तेज बारिश से मकान की छत ढह गई।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
20 मई: असम,मेघालय, कर्नाटक, बिहार, केरल, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है। 21 मईः कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, गोवा, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आंधी बारिश का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में हीट वेव की चेतावनी है।

राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: एमपी में 2 दिन तेज गर्मी, फिर लुढ़केगा पारा, 21-22 मई को पूरे प्रदेश में मौसम बदलेगा

मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में अगले 2 दिन तेज गर्मी रहेगी। यहां के 8 जिलों में लू का अलर्ट है। वहीं, चार सिस्टम की वजह से भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग में आंधी और बारिश का दौर रहेगा। 21 और 22 मई को पूरे प्रदेश में 30 से 50km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
राजस्थान: राज्य में गर्मी का अलर्ट, 45 डिग्री तापमान पहुंचा, झालावाड़ में बरसात; छत गिरने से मां-बेटी दबीं

राजस्थान में रविवार (18 मई) को तेज गर्मी का असर दिखा। जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में IPL मैच देखने पहुंचे दर्शक गर्मी से बेहाल हो गए और स्टेडियम से बाहर लौट गए। दोपहर बाद झालावाड़ में मौसम बदला और बारिश हुई। बारिश के चलते एक मकान की छत गिर गई, जिससे मां-बेटी भी घायल हो गईं। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तर प्रदेशः 18 जिलों में लू, 14 में बूंदाबांदी का अलर्ट; 50 की स्पीड में आंधी चल सकती है

यूपी में आज भी भीषण गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 18 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है। साथ ही 14 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। झांसी 45.4°C तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा, वहीं, मेरठ में सबसे कम 24.6°C रिकॉर्ड किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: बिजली-आंधी से 6 लोगों की मौत, आज 17 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को बिहार के 17 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर 12 जिलों में ऑरेंज, जबकि 5 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। इन सभी 17 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणाः आज तूफान का यलो अलर्ट;10 जिलों में होगी बरसात, गर्मी से मिलेगी राहत, पारा 45 के पार

हरियाणा के मौसम में सोमवार से बदलाव होगा। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 10 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। जिसके तहत 10 जिलों में आंधी-तूफान आएगा। वहीं 10 जिलों में बरसात की संभावना है। मौसम विभाग ने 19 मई से 22 मई तक बारिश की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ः 21 मई तक आंधी-बारिश का यलो अलर्ट; रायपुर-दुर्ग में 50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी

छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। अंधड़ चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटे हो सकती है। बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में इसका ज्यादा असर रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंडः आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट; रांची में 60 kmph की रफ्तार से चली हवा

मौसम पूर्वानुमान का असर रविवार को राजधानी रांची सहित राज्य के अलग-अलग जिलों में देखने को मिला। रविवार सुबह से उमस वाली गर्मी सता रही थी। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और राजधानी रांची में आंधी-तूफान के साथ जमकर बारिश हुई। कोल्हान, हजारीबाग और कोडरमा में भी बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाबः आज 11 जिलों में बारिश का अलर्ट; तेज हवाएं चलेंगी, 24 मई तक के लिए चेतावनी

पंजाब में आज गर्मी से राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, कल शाम राज्य के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि, पिछले 24 घंटों में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचलः भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट; शिमला में अंधेरा छाया, कांगड़ा में तेज बारिश के बाद बिजली गुल

हिमाचल प्रदेश में 19 मई को भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य सात जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच कांगड़ा में सुबह 5 पांच बजे बारिश के साथ तेज तूफान आया। शिमला में भी मौसम बदल गया है। पूरी खबर पढ़ें…
