.

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर चित्तरंजन में सोमवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। आयोजन तृणमूल कांग्रेस ने किया। आसनसोल के मेयर विधान उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह यात्रा सम्पन्न हुई। तीन नंबर गेट से शुरू होकर अमलादही मार्केट तक निकली। सैकड़ों लोग हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतरे। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल गूंज उठा। युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
यह आयोजन सिर्फ राजनीतिक नहीं था। यह भारतीय सेना के पराक्रम को समर्पित श्रद्धांजलि भी थी। आम लोगों ने देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। टीएमसी के पिंटू सिंह, दाबू, धीमान, राहुल सहित कई कार्यकर्ता यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। सभी ने सैनिकों को सम्मान दिया।
देश की सुरक्षा के लिए एकजुटता दिखाई। यह यात्रा साहस और देशभक्ति का प्रतीक बनी। चित्तरंजन की जनता ने फिर दिखाया कि देश की आन-बान के लिए हर नागरिक एकजुट है।
भास्कर न्यूज |फतेहपुर पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ सफल रहे ऑपरेशन सिंदूर की खुशी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने फतेहपुर में तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा की अगुवाई पूर्व विधायक प्रतिनिधि माधव चंद्र महतो ने की। शुरुआत फतेहपुर चौक से हुई। भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ बाजार में घूमते नजर आए। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे गूंजे। माहौल पूरी तरह देशभक्ति से भर गया। लोगों में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर गर्व और उत्साह दिखा। भाजपा नेताओं ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की सख्त नीति और मजबूत सेना का प्रतीक बताया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी, किरण बेसरा, विष्णु मंडल, अमित मंडल, मनोज गोस्वामी समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की वीरता और संकल्प का उदाहरण है। इससे देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति और मजबूत हुई है। यात्रा के दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। सेना के समर्थन में लोगों ने खुलकर साथ दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक आतंक का अंत नहीं होगा, ऐसे अभियानों का समर्थन जारी रहेगा।