मेडिकल कॉलेज में मृतक की मां जानकारी देते हुए।
करनाल में हांसी रोड स्थित गली नंबर-3 में बुधवार शाम एक युवक का शव संदिग्ध हालातों में मिला। युवक पेशे से लेडीज टेलर था। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताते हुए निसिंग के कुछ युवकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
.
परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा सुबह से आरोपियों के साथ था और देर शाम उसका शव सुनसान गली में पड़ा मिला। गले पर निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवाया है और जांच शुरू कर दी है।
शराब पीने के बाद हुई कहासुनी
मृतक की पहचान 24 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है, जो गली नंबर-6 का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि सोनू सुबह से ही निसिंग के कुछ युवकों के साथ था। सभी मिलकर शराब पी रहे थे। दिन चढ़ते ही उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद सभी युवक रेलवे स्टेशन की तरफ निकल गए और वहां जाकर फिर से शराब पी।
परिजनों के अनुसार रेलवे स्टेशन के पास इन युवकों के बीच दोबारा झगड़ा हुआ। आरोप है कि वहां एक युवक ने सोनू को पीछे से पकड़ा और दूसरे ने उसका गला दबा दिया। परिजनों को जब सोनू की तलाश शुरू की तो उन्हें पता चला कि उसे गली नंबर-3 में फेंक दिया गया है। जब परिवार वहां पहुंचा तो सोनू बेसुध हालत में पड़ा मिला।

मेडिकल कॉलेज में पहुंचे परिजन।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, गले पर मिले निशान परिजन आनन-फानन में सोनू को करनाल के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने यह भी बताया कि सोनू के गले पर दबाव के निशान साफ देखे जा सकते हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है।
सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस में रखवा दिया। कल शव का पोस्टमॉर्टम होगा और उसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुलिस अधिकारी बोले– हत्या की आशंका, जांच जारी
सदर थाना से जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि युवक सोनू की संदिग्ध हालातों में मौत हुई है। परिजनों की शिकायत पर हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जाएंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर दर्ज करेगी केस
फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। परिजनों की ओर से जिन युवकों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पूरी घटना की कडियों को जोड़ने में लगी है। परिजन आरोपी युवकों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।