टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव का फाइल फाेटो।
हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार को टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव (25) की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके पिता ने ही गोलियां मारकर उसकी हत्या की है। वारदात दोपहर को उस वक्त हुई, जब बाप-बेटी घर में अकेले थे।
.
आसपास के लोगों ने उनके मकान से 3 बार गोली चलने की आवाज सुनी तो दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखा कि राधिका खून से लथपथ कमरे में पड़ी थी। उसके पिता पास में ही बैठे थे। लोगों ने तुरंत राधिका को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया। मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद हुआ है। पुलिस ने राधिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया है कि राधिका के पिता उसके सोशल मीडिया पर रील बनाने से नाराज थे। उन्होंने कई बार इस बारे में राधिका को टोका भी था। इसके अलावा पुलिस अन्य कारणों की भी छानबीन कर रही है।

टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के बाद जांच करने पहुंची पुलिस।
नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट में दिखाई थी शानदार प्रतिभा गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक फेस टू निवासी राधिका यादव एक उभरती हुई नेशनल स्तर की टेनिस खिलाड़ी थीं। 23 मार्च, 2000 को जन्मी राधिका ने कई इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन (ITF) और वूमेंस टेनिस एसोसिएशन (WTA) टूर्नामेंट्स में भाग लिया था। राधिका के करियर की हाई ITF रैंकिंग लगभग 1638 रही है। राधिका की अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियां महिला युगल वर्ग में उन्हें हरियाणा में पांचवां स्थान मिला और वे पूर्वी भट्ट (109) और थानिया सराय गोगुलामंडा (125) जैसी अन्य प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में करीब रहीं। टेनिस एकेडमी भी चलाती भी राधिका राधिका जून 2024 में ट्यूनीशिया में हुए W15 टूर्नामेंट में पहुंची थी। इसके अलावा फरवरी 2017 में ग्वालियर में हुए मैच में राधिका का सामना ताइवान की खिलाड़ी हसीन-युआन शिह से हुआ था। राधिका का रजिस्ट्रेशन ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (AITA) में भी है। राधिका को भारत की नई पीढ़ी की महिला खिलाड़ियों में गिना जाता था। राधिका एक टेनिस एकेडमी भी चलाती थीं, जहां वह दूसरे बच्चों को टेनिस सिखाती थीं।
एकल और युगल मुकाबलों में कई बार बढ़ाया मान AITA गर्ल्स अंडर-18 वर्ग में राधिका 22 जनवरी, 2018 को 75वें स्थान पर पहुंचीं। AITA महिला एकल में वे 12 फ़रवरी, 2018 को 35वें स्थान पर पहुंचीं थी। महिला युगल में, 5 अप्रैल, 2021 को उनका सर्वश्रेष्ठ 53वां स्थान रहा। महिला युगल में शीर्ष 100 में 112 सप्ताह तक अपना स्थान बनाए रखा। AITA महिला युगल में शीर्ष 100 में जगह बनाने वाली राधिका हरियाणा राज्य की केवल चार खिलाड़ियों में से एक थीं। 4 नवंबर, 2024 तक, महिला युगल में उनकी आईटीएफ रैंकिंग 113 करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंक थीं।

पुलिस ने टेनिस खिलाड़ी के घर पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
रील बनाने पर हुआ विवाद, पुलिस कर रही जांच राधिका की हत्या क्यों की गई? पुलिस इसका कारण तलाश रही जांच कर रही है। सेक्टर 57 थाना प्रभारी के मुताबिक, शुरूआती जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्री में रील बनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके अलावा पुलिस इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है। फिलहाल, आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने राधिका के परिवार के कुछ अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई है। मगर, इसमें भी हत्या का सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है।