28 people fell sick after consuming refined flour powder | मैदा की चुरी खाने से 28 लोग बीमार: फिरोजाबाद के मेहरी गांव में 25 बच्चे और 3 महिलाएं अस्पताल में भर्ती – Firozabad News

Actionpunjab
2 Min Read


अरुण कुमार रावत | फिरोजाबाद4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फिरोजाबाद के मेहरी गांव में मैदा से बनी चुरी खाने से 25 बच्चे और तीन महिलाएं बीमार हो गए। हिमांयूपुर निवासी इंदल सिंह मोपेड पर फेरी लगाकर चुरी बेच रहा था। बच्चों की जिद पर ग्रामीणों ने उन्हें चुरी दिलवाई।

चुरी खाने के एक घंटे बाद बच्चों को पेट में दर्द, जलन और उल्टी की शिकायत हुई। शुरुआत में लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। परिजन बच्चों को नजदीकी प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए। जब एक के बाद एक सभी बच्चों और तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ी, तो गांव में हड़कंप मच गया।

108 नंबर पर सूचना दी गई। छह एंबुलेंस मौके पर पहुंची। 12 बच्चों और एक महिला को ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. एल.के. गुप्ता ने मरीजों की जांच की। कुछ बच्चों के परिजन निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।

भर्ती मरीजों में 40 वर्षीय मीरा देवी, मायाराम के तीन बच्चे (11 वर्षीय देवेंद्र, 9 वर्षीय शालू, 6 वर्षीय गुंजन), अशोक कुमार की दो बेटियां (8 वर्षीय शिवानी, 6 वर्षीय वर्षा), राकेश का 8 वर्षीय बेटा वेद प्रकाश शामिल हैं। इसके अलावा प्रमोद के दो बच्चे (8 वर्षीय मुस्कान, 6 वर्षीय समोद), टीटू की 6 वर्षीय बेटी तमन्ना, दुर्गा प्रसाद की 7 वर्षीय बेटी वंदनी और रवि के दो बेटे (6 वर्षीय ओमवीर, 10 वर्षीय सूरज) भी भर्ती हैं।

कमलेश देवी और श्रीमती का गांव में ही इलाज चल रहा है। ग्रामीणों ने चुरी बेचने वाले को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सभी मरीजों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *