![]()
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित मझोला चौराहे के शिव मंदिर के पास देर रात अज्ञात चोरों ने एक जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
.
यह घटना मझोला चौराहे पर स्थित “कुमार जनरल स्टोर” की है, जिसका संचालन शेखर पुत्र प्रेम कुमार करते हैं। पीड़ित दुकानदार शेखर ने बताया कि उन्होंने रात करीब 11 बजे दुकान को बंद कर घर चले गए थे। लेकिन देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 10 से 12 हजार रुपये नकद के साथ-साथ कुछ कीमती सामान भी चोरी कर लिया।
घटना की जानकारी तब हुई जब सुबह शेखर के पिता दुकान में पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ है, और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है।
तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर चोरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय व्यापारियों में इस चोरी को लेकर आक्रोश है और उन्होंने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। मझोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।