अभिजीत सिंह | गोरखपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर सर्किट हाउस के एनेक्सी भवन में बुधवार को पशु, दुग्ध विकास और राजनीतिक पेंशन विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभागीय मंत्री धर्मपाल सिंह ने की। इस मौके पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, गोरखपुर नगर निगम के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक महेंद्र पाल सिंह, विधायक विपिन सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
पशुपालन- दुग्ध उत्पादन पर रहा फोकस
बैठक में पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, डेयरी योजनाओं, कृत्रिम गर्भाधान, टीकाकरण और डेयरी किसानों को मिलने वाली सब्सिडी की समीक्षा की गई। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पशुधन क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सभी योजनाओं को लक्ष्य के अनुसार लागू करें और लाभार्थियों तक समय से लाभ पहुंचाएं।
राजनीतिक पेंशन वितरण की स्थिति पर नाराजगी
राजनीतिक पेंशन विभाग की समीक्षा के दौरान कुछ जनपदों में लंबित प्रकरणों पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पात्र पेंशनरों को समय पर पेंशन नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है। सभी लंबित मामलों की फाइलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और लाभार्थियों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनप्रतिनिधियों ने रखी स्थानीय समस्याएं
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में योजनाओं की स्थिति, संसाधनों की कमी और लाभार्थियों की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में पशु स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग की। वहीं विधायक महेंद्र पाल सिंह ने दुग्ध समितियों के बेहतर संचालन और किसानों को समय से भुगतान पर जोर दिया।
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं की निगरानी नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक में प्रत्येक जनपद की रिपोर्ट लेकर आएं और प्रगति के साक्ष्य प्रस्तुत करें।