- Hindi News
- National
- Cloud Burst Imd Weather Rainfall Live Update Himachal Uttarakhand Jammu Kashmir Flood Mumbai Rajasthan Delhi Mp Rain Alert
कुल्लू/लखनऊ/भोपाल/दिल्ली8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

दिल्ली में हुमायूं का मकबरा कैंपस में शुक्रवार शाम 4 बजे एक कमरे की छत गिर गई। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के DM डॉ. श्रवण बागड़िया के मुताबिक, 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया था। इनमें से 6 लोगों की मौत हो गई।
DM ने कहा कि सामने आया है कि ये लोग ASI साइट पर अवैध रूप से रह रहे थे। यह जांच का विषय कि कोई अवैध रूप से कैसे रह रहा था, अगर ये सच है तो कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा,
पता चल रहा है कि यहां कोई मौलवी साहब रहते हैं, लोग यहां उनके पास ताबीज बनवाने आए थे।

वहीं, दिल्ली में यमुना का जलस्तर 204.65 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर से ऊपर है। हथिनीकुंड बैराज से 47,024 क्यूसेक और वजीराबाद से 35,130 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। खतरे का स्तर 205.33 मीटर है। प्रशासन ने हालात पर कड़ी नजर रखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
हादसे की 3 तस्वीरें…

हुमायूं के मकबरे में स्थित दरगाह शरीफ पत्ते शाह के एक कमरे की छत का हिस्सा शुक्रवार शाम चार बजे गिर गया।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है। मौके पर तलाश अभियान जारी है।

करीब 10 लोगों को बचाकर एम्स ट्रॉमा सेंटर और एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया था, इनमें से 6 की मौत हो गई।
हिमाचल में बादल फटा, UP के 20 जिलों में बाढ़
हिमाचल प्रदेश में बीते 2 दिनों में 4 जगह बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। बुधवार रात कुल्लू जिले के श्रीखंड पहाड़ी, तीर्थन घाटी की बाथाढ़ पहाड़ी और शिमला के रामपुर और कोटखाई में बादल फटा।
शिमला के रामपुर में चट्टान गिरने ने से 20 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि पार्वती नदी में बह जाने से एक व्यक्ति लापता हो गया। कोटखाई के खलटूनाला में 6 से ज्यादा गाड़ियां और पेट्रोल पंप मलबे में दब गया।
उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से बारिश के बाद 20 से ज्यादा जिलों में बाढ़ के हालात हैं। लखीमपुर में शारदा नदी तेजी से कटान कर रही है। संभल में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से 20 गांव में बाढ़ का खतरा बन गया है।
देशभर में बारिश-बाढ़ की 4 तस्वीरें…

पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग में भारी बारिश के बाद तीस्ता नदी उफान पर है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

लखनऊ के अलीगंज इलाके में गुरुवार को भारी बारिश के कारण 15 फीट सड़क धंस गई।

हिमाचल के कोटखाई में गुरुवार सुबह बादल फटने के बाद मलबा आया। इसमें पेट्रोल पंप और गाड़ियां दब गईं।

गाजियाबाद समेत दिल्ली-NCR के कई इलाकों में गुरुवार को तेज बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया।
देशभर में गुरुवार को बारिश का डेटा मैप से देखें..

मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
02:31 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
DM बोले-दरगाह में छत गिरने से 6 की मौत
दरगाह शरीफ पट्टे शाह परिसर में छत गिरने की घटना पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट डॉ. श्रवण बागड़िया ने कहा, ‘घटना में छह लोगों की मौत हो गई है…यह जांच का विषय है और अगर कोई एएसआई साइट पर अवैध रूप से रह रहा था तो कार्रवाई की जाएगी’
01:35 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंचा
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर शुक्रवार दोपहर 1 बजे पुराने रेलवे पुल पर 204.65 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर 204.50 मीटर से ऊपर है। यह पुल नदी के बहाव और बाढ़ के खतरे पर नजर रखने का अहम पॉइंट है।
अधिकारियों ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि अनुमान है कि जलस्तर और बढ़ेगा। जलस्तर बढ़ने की वजह वजीराबाद और हथिनीकुंड बैराज से हर घंटे छोड़ा जा रहा ज्यादा पानी है।
फ्लड कंट्रोल विभाग के अनुसार, हथिनीकुंड बैराज से करीब 47,024 क्यूसेक और वजीराबाद से 35,130 क्यूसेक पानी प्रति घंटे छोड़ा जा रहा है। दिल्ली में चेतावनी स्तर 204.50 मीटर, खतरे का स्तर 205.33 मीटर और 206 मीटर पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजना शुरू किया जाता है। बैराज से छोड़ा गया पानी आमतौर पर 48-50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।
12:21 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
प्रत्यक्षदर्शी बोला- हादसे के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला
प्रत्यक्षदर्शी विशाल कुमार ने बताया, “मैं हुमायूं के मकबरे में काम करता हूं। अचानक जोर की आवाज आई तो मेरा सुपरवाइजर दौड़ते हुए आया। हमने लोगों और प्रशासन को बुलाया और धीरे-धीरे फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।”
12:19 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
NDRF के जवान मलबा हटाकर दबे लोगों को सर्च कर रहे
12:15 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
दरगाह से 11 लोगों को निकाला गया, रेस्क्यू जारी
एनडीआरएफ के जवान मौके पर तलाश अभियान चला रहे हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी वहां मौजूद है। अब तक 11 लोगों को मलबे से निकालकर बचाया जा चुका है।
12:09 PM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
हुमायूं के मकबरे में स्थित दरगाह के कमरे की छत गिरी
निजामुद्दीन इलाके में स्थित दरगाह शरीफ पत्ते शाह के एक कमरे की छत का हिस्सा गिर गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची है और इलाके को घेरकर सुरक्षित कर दिया गया है।
11:05 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
पटना में जल भराव को लेकर सड़क पर उतरे लोग

बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में नाले का पानी भरने को लेकर स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर दी। लोगों ने दानापुर-खगौल रोड पर बांस-बल्ली लगाकर बंद कर दी और नगर परिषद प्रशासन खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान MLC अनामिका सिंह पटेल और राज्य के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का काफिला फंस गया। लोगों ने आधे घंटे तक मंत्री के काफिले को रोककर समस्या के तुरंत समाधान की मांग की। लोगों का कहना था कि सड़क से ऊंचा नाला बनने के कारण पानी निकासी का रास्ता बंद हो गया है। इससे पूरे इलाके में गंदा पानी भरा रहता है।
10:23 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
बिहार के पूर्णिया से सासंद पप्पू यादव ने बाढ़ पीड़ितों में पैसे बांटे
बिहार की पूर्णिया सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने बाढ़ प्रभावित इलाके रुपौली के मोहनपुर और जंगल टोला पहुंचे। उन्होंने यहां एक हजार से ज्यादा बाढ़ पीड़ितों को रुपए और राहत सामग्री बांटी। सांसद काले रंग के बैग में 500 रुपए के नोटों का बंडल लेकर पहुंचे थे।
10:20 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
हरियाणा के झज्जर में सड़कों पर पानी भरा
10:09 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
UP के संभल में 42 गांवों बाढ़ पर खतरा
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 42 गांवों पर गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। जिले के चाऊपुर डांडा गांव में बाढ़ का पानी घुस चुका है। लोग नाव के जरिए रोजमर्रा के काम निपटा रहे हैं।
पिछले दिनों DM डॉ राजेंद्र पैंसिया और SP कृष्ण विश्नोई ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ गांव का निरीक्षण किया था। प्रशासन का कहना है कि हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और बाढ़ राहत किट वितरित की गई है।
09:50 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
UP के फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान से ऊपर
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गंगा नदी उफान पर है। नदी का पानी खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है। अमृतपुर इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया है। राजेपुर ब्लॉक ऑफिस में एक फीट तक पानी भर गया है।
07:38 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
किश्तवाड़ के जिला अस्पताल में घायलों में इलाज जारी
किश्तवाड़ के जिला अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। सभी पलंग मरीजों से भरे पड़े हैं।
07:36 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
चसोटी हादसे की 6 तस्वीरें…

चसोटी में सेना के 300 जवान सर्च-रेस्क्यू में जुटे हैं।

अस्थाई पुल-पुलिया बनाकर लोगों का निकाला जा रहा है।

दर्जनों गाड़ियां सैलाब में बह गई थीं। इनमें मलबा भरा है।

सैलाब के कारण मकानों के नीचे की मिट्टी ढह गया है।


सैलाब के बाद के नुकसान को देखती एक महिला।
07:02 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड के चमोली में लैंडस्लाइड, NH-109 बाधित
उत्तराखंड के चमोली में गैर्सैंण-कर्णप्रयाग मार्ग पर भटौली के पास एक चट्टान गिरने से एनएच-109 बाधित हो गया, जिससे यातायात दो घंटे से अधिक समय तक ठप रहा। बाधा को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों से कार्य जारी है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई हैं।
06:17 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
तमिलनाडु में दो कॉलेज स्टूडेंट्स की नहर में डूबने से मौत
तमिलनाडु के इरोड जिले में गुरुवार को दो कॉलेज स्टूडेंट्स नहर में डूब गए। पुलिस ने शुक्रवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मृतकों की उम्र 19 साल थी। दोनों कोयंबटूर के एक निजी कॉलेज में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे थे।
उनके साथ 3 और स्टूडेंट्स गुरुवार दोपहर एक कार से वाणीपुथुर थोट्टीपलम इलाके के पास अरक्कनकोट्टई नहर में नहाने गए थे। तीन छात्र नहर से बाहर आए, जबकि दो युवक बाहर नहीं निकले। करीब 30 मिनट से ज्यादा समय तक दोनों की तलाश के बाद पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवा को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन एवं बचाव सेवा के तैराक ने एक घंटे से ज्यादा समय तक दोनों की तलाश की। इसके बाद दोनों के शव मिले। पुलिस ने डूबने से मौत का मामला दर्ज करते हुए युवकों के माता-पिता को घटना की जानकारी दी।
03:51 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
दिल्ली में दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत
दिल्ली के बसंत नगर स्थित हनुमान मंदिर के पास गुरुवार शाम करीब 4.40 बजे दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें दीवार गिरने की सूचना मिली और वे आपदा प्रबंधन दल के साथ मौके पर पहुंचे। 9 और 10 साल के दो बच्चों को मलबे से निकालकर पीसीआर वैन से एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
डिप्टी कमिश्नर (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों बच्चे दीवार के पास वाली सीढ़ियों पर बैठे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई।
दिल्ली में गुरुवार को भारी बारिश के कारण कुल 3 मौतें हुईं। इससे पहले कालकाजी रोड के बीचों-बीच एक विशाल पेड़ उखड़कर गाड़ियों पर गिर गया, जिससे 50 साल एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी की कमर की हड्डी टूट गई।
02:35 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़: गरियाबंद-धमतरी समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अन्य जिलों में बिजली गिरेगी

रायपुर में शुक्रवार सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। हवा चल रही है।
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने शुक्रवार को गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर, बीजापुर, सुकमा समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने की आशंका है। पिछले 36 घंटों में छत्तीसगढ़ के अधिकांश जगहों पर मध्यम वर्षा हुई है। बस्तर और रायपुर संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
02:13 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
मध्य प्रदेश: इंदौर-उज्जैन समेत 23 जिलों में अलर्ट, तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मध्य प्रदेश में अब तक 30.3 इंच बारिश हो चुकी है, जबकि मानसून में 37 इंच बारिश होती है।
मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत 23 जिलों में शुक्रवार को बारिश का अलर्ट है। 3 जिलों में बहुत ज्यादा बारिश की चेतावनी है। इससे पहले गुरुवार को कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। राज्य के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में पौने 2 इंच बारिश हुई। गुना में डेढ़ इंच और इंदौर में आधा इंच बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
02:07 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान: आज 22 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, सीकर में कार-एंबुलेंस डूबीं; डीग में मकान ढहा

गुरुवार को बारिश से जयपुर-सीकर सहित कई शहरों में सड़कों पर 4 फीट तक पानी भर गया।
राजस्थान में सात दिन बाद मानसून फिर एक्टिव हो गया है। गुरुवार को कई जिलों में 3 इंच तक बरसात हुई। सीकर में एम्बुलेंस सहित कई गाड़ियां पानी में दो फीट तक डूब गईं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 22 जिलों में बरसात का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूरी खबर पढ़ें…
02:00 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
हिमाचल प्रदेश: 6 दिन लगातार बारिश, आज 4 जिलों में अलर्ट, शिमला में नॉर्मल से 77% ज्यादा बरसे बादल

हिमाचल प्रदेश में आज से मानसून कमजोर पड़ने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से लगातार 6 दिन बारिश का दौर जारी रहेगा। आज 4 जिलों में यलो अलर्ट है। अन्य जिलों में मौसम साफ या आसमान में हल्के बादल छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि आज से मानसून थोड़ा कमजोर पड़ेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। पूरी खबर पढ़ें…
01:49 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
पंजाब: तीन जिलों में यलो अलर्ट, तापमान 3.3 डिग्री गिरा; होशियारपुर का भंगी-चो ओवरफ्लो

होशियारपुर के भंगी-चोर में गुरुवार को पानी ओवरफ्लो हो गया।
पंजाब में शुक्रवार को बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के तीन जिलों- पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। पंजाब में गुरुवार को हुई बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। पूरी खबर पढ़ें…
01:29 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
बिहार: 20 जिलों में बारिश-बिजली की चेतावनी, भागलपुर में 6 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ में घिरे

CM नीतीश कुमार ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया।
बिहार के 20 जिलों में मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। बाकी 18 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। गुरुवार को बेतिया, औरंगाबाद और कैमूर में तेज बारिश हुई। भागलपुर में 6 लाख लोग बाढ़ के पानी से घिरे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
01:25 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
हरियाणा: आज 7 जिलों में बारिश की संभावना, तीन दिन अलर्ट, कैथल में इस सीजन सबसे कम बरसात

हरियाणा के दादरी में गुरुवार को बारिश हुई।
हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस पर आज 7 जिलों में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 7 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। बारिश की गतिविधियां अगले तीन दिन तक जारी रहने का अनुमान है। गुरुवार को राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। जींद में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई थीं। पूरी खबर पढ़ें…
01:17 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
राज्यों में बारिश का हाल

01:16 AM15 अगस्त 2025
- कॉपी लिंक
शहरों में बारिश का डेटा
