सीकर जिले के कंवरपुरा गांव में स्थित बाबा रामदेव मंदिर में सोमवार रात को ग्रामीणों के साथ मारपीट करने और उनपर पिकअप गाड़ी चढ़ाने का मामला सामने आया है। घटना में पुजारी सहित 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका सीकर के एसके हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
.

आरोपियों ने मंदिर के पुजारी गुलाब दास की टांगे तोड़ दी।
ग्रामीण प्रदीप बिजारणियां ने बताया- कंवरपुरा के बाबा रामदेव मंदिर में सोमवार रात को विशाल जागरण चल रहा था। इस दौरान करीब 12:30 बजे जागरण में गांव के 4-5 बदमाश मंदिर में शराब पीकर आ गए। कुछ समय तक वह बैठे रहे और बाद में उठकर मंच पर आ गए। जिसके बाद बदमाशों ने डीजे पर भजनों की बजाय फिल्मी गाने चलाने की मांग की। जब मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों ने इस बात से मना किया तो बदमाशों ने पुजारी गुलाब दास सहित तीन लोगों की टांगे तोड़ दी और मारपीट की।

घटना के विरोध में ग्रामीणों ने आरोपियों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीकर के सदर थाने में विरोध-प्रदर्शन किया।
बदमाशों ने लोहे के सरियों से लोगों पर भी हमला किया। इसके बाद मंदिर में बैठे लोगों पर पिकअप गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और भाग गए। वहीं, इस घटना के विरोध में मंगलवार को सैंकड़ों ग्रामीणों ने सीकर सदर थाने में विरोध-प्रदर्शन किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों का आरोप है कि आरोपियों ने मंदिर में बैठी महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की। ग्रामीणों ने पुलिस को नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की रिपोर्ट दी है। वहीं पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।