18 दिनों से चल रही सीएनजी की किल्लत अब खत्म हो गई है
सोनीपत जिले में पिछले 18 दिनों से चल रही सीएनजी की किल्लत अब खत्म हो गई है। बागपत के पास यमुना नदी में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद से प्रभावित हुई आपूर्ति को अब बहाल कर दिया गया है। इससे करीब 24 हजार सीएनजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है,
.

यमुना में तेज बहाव के कारण गेल (इंडिया) लिमिटेड की गौना-बवाना गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी
आईजीएल की मदद से बहाल हुई आपूर्ति गेल गैस लिमिटेड ने इस संकट को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए। कंपनी ने दिल्ली के बवाना के पास से गुजर रही आईजीएल कंपनी की पाइपलाइन से कनेक्टिविटी स्थापित कर ली है, जिससे सोनीपत में सीएनजी की आपूर्ति फिर से पटरी पर आ गई है।

करीब 24 हजार सीएनजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें पहले सीएनजी भरवाने के लिए दिल्ली या पानीपत तक जाना पड़ रहा था।
गेल गैस लिमिटेड के प्रवक्ता सैकत चक्रवर्ती ने बताया कि कंपनी के अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे थे और आईजीएल कंपनी से समझौता करके सोनीपत जाने वाली पाइपलाइन को दूसरी लाइन से जोड़ा गया है। उन्होंने पुष्टि की कि अब जिले के सभी पंपों पर सीएनजी की आपूर्ति सामान्य हो गई है। घरेलू और औद्योगिक आपूर्ति पर नहीं पड़ा था असर हालांकि, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद गेल गैस लिमिटेड ने घरेलू, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को पीएनजी (पाइप्ड नैचुरल गैस) की निर्बाध आपूर्ति जारी रखी थी। लेकिन सीमित दबाव और उपलब्धता के कारण सीएनजी स्टेशनों को केवल कुछ घंटों के लिए ही आपूर्ति मिल पा रही थी। अब आपूर्ति सामान्य होने से सभी प्रकार के उपभोक्ताओं को राहत मिली है।