![]()
सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र में तैनात सीआरपीएफ जवान से फर्जी प्लॉट बैनामा के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने पहले से बेची गई जमीन को दोबारा बैनामा कर जवान को बेच दिया। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मह
.
थाना बड़गांव के गांव शिमलाना निवासी पंकज कुमार वर्तमान में सीआरपीएफ में कार्यरत हैं और छत्तीसगढ़ में तैनात हैं। पंकज को प्लॉट खरीदना था। इस दौरान उनकी मुलाकात धर्मवीर सिंह से हुई। धर्मवीर ने उन्हें शेखपुरा कदीम में सस्ते दाम पर अच्छा प्लॉट दिलाने की बात कही और उनकी मुलाकात गांव मैनखेड़ा निवासी धर्मेंद्र प्रधान से कराई।
धर्मेंद्र ने खसरा नंबर 351, 352, 353, 354/10, 355 स्थित प्लॉट संख्या 30 दिखाया और दावा किया कि ये जमीन वह मेहरुनिशा से खरीद चुका है और अब वहीं से पंकज को बैनामा करा देगा। सौदा 4.44 लाख रुपये में तय हुआ। पंकज ने एक लाख रुपये चेक से विपक्षी विनोद को और शेष रकम ऑनलाइन ट्रांसफर की। इसके बाद 15 नवंबर 2021 को पंकज की पत्नी शिवानी के नाम मेहरुनिशा से प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई।
रजिस्ट्री के बाद पीड़ित ने जमीन पर बाउंड्री वॉल बनवाकर वापस ड्यूटी पर छत्तीसगढ़ लौट गए। हाल ही में उन्हें सूचना मिली कि किसी और ने उस प्लॉट पर कब्जा कर लिया है। छुट्टी लेकर जब पंकज मौके पर पहुंचे तो वहां सीमा निवासी माधोनगर मिली। सीमा ने दावा किया कि उसने यह जमीन 2011 में ही मेहरुनिशा से खरीदी थी और अपने नाम रजिस्ट्री भी करा ली थी।
पीड़ित ने जब आरोपियों से बात की तो उन्होंने गलती मान ली और दूसरा प्लॉट देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गए। इसके बाद जवान ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर देहात कोतवाली पुलिस ने मेहरुनिशा, धर्मवीर सिंह, धर्मेंद्र प्रधान और विनोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।