Sangeet Som’s controversial statement in Saharanpur | सहारनपुर में संगीत सोम का विवादित बयान: बोले-अखिलेश यादव मुगल काल के आखिरी शासक, वोट चोरी पर बोलने वाले राहुल खुद चोर – Saharanpur News

Actionpunjab
4 Min Read



भागवत कथा में बोलते हुए पूर्व विधायक संगीत सोम।

भाजपा के फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता और पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम ने एक बार फिर विवादित बयान देकर राजनीति में गर्मी बढ़ा दी है। देवबंद विधानसभा क्षेत्र के रणखंडी गांव में एक कथा कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

.

संगीत सोम ने कहा-यूपी में 2017 तक मुगल शासन रहा और उस दौर के आखिरी शासक अखिलेश यादव थे। अब वे कभी सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगे। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को ‘सांप-नेवले की दोस्ती’ बताते हुए कहा कि भाजपा तीसरी बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

मुगल शासन से भी बुरा था अखिलेश का दौर

पूर्व विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार का समय इतना खराब था कि ऐसा दौर तो मुगल शासन में भी नहीं आया। बहन-बेटियों को सड़कों से उठा लेना, किसानों को मार देना, बच्चों की हत्या कर देना… यह सब हमने झेला है। लेकिन आने वाली पीढ़ियों को ऐसा समय नहीं झेलना पड़ेगा। अखिलेश यादव उस मुगलकाल के आखिरी शासक थे और अब कभी शासक नहीं बनेंगे।

वोट चोरी का मुद्दा उठाने वाले खुद चोर

संगीत सोम ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा-कांग्रेस और सपा का काम चोर-चोर मौसेरे भाई जैसा है। अखिलेश ने प्रदेश को लूटा और कांग्रेस ने देश को। वोट चोरी का मुद्दा उठाने वाले राहुल गांधी खुद चोर हैं। कांग्रेस ने 60 साल में जनता का हक छीनकर घोटाले किए और देश को सड़क पर ला दिया।

भाजपा के आने से माफिया खत्म

उन्होंने कहा कि यूपी कभी बीमार प्रदेश कहा जाता था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद हालात बदल गए। आज बाहर से इन्वेस्टर आ रहे हैं। लोग अब डरते नहीं हैं। जितने माफिया थे, वे अल्ला मियां को प्यारे हो गए। कोई जेल में है, कोई मर चुका है और कोई प्रदेश छोड़कर भाग गया है।

राहुल-अखिलेश-तेजस्वी बोल रहे पाकिस्तान की भाषा

संगीत सोम ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा-राहुल गांधी, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। जिस तरह की बातें ये कर रहे हैं, यह 100% देश के बंटवारे और आतंकवाद की भाषा है। इन सबके कनेक्शन पाकिस्तान और वहां बैठे आकाओं से जरूर निकलेंगे। इसकी जांच होनी चाहिए।

दंगों में भाजपा कार्यकर्ताओं को टारगेट किया

2013 के दंगों का जिक्र करते हुए सोम ने कहा कि सपा सरकार में भाजपा कार्यकर्ताओं को चुन-चुनकर टारगेट किया गया और बहन-बेटियों के साथ शर्मनाक घटनाएं हुईं। उन्होंने चेतावनी दी कि सपा और कांग्रेस अपनी करनी का फल जरूर भुगतेंगी, क्योंकि उनकी गलतियां माफी योग्य नहीं हैं।

संगीत सोम ने दावा किया कि पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक भाजपा हर बार प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगी। जनता सब जानती है और भाजपा को ही चुनेगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *