उदित विजयवर्गीय । कासगंज(पटियाली)4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

लापता युवक की फाइल फोटो।
कासगंज के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र के गांव निबिया निवासी 23 वर्षीय गंगादयाल जो कि दूल्हा था, अपनी शादी के दो दिन बाद ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।
दो माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद भी कार्यवाही न होने पर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

पीड़ित पिता सत्यपाल के अनुसार 3 जुलाई को करीमनगर (उसहैत, बदायूं) में उनके पुत्र गंगादयाल की शादी का समारोह था। इसी दौरान वधू पक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि वधू पक्ष के लोगों ने मारपीट कर बिना वर–वधू के बारात भगा दी और अगले दिन वर–वधू को घर छोड़ गए।

पीड़ित पिता ने बताया कि 5 जुलाई की रात नामजद आरोपियों ने उनके पुत्र गंगादयाल (दूल्हे) को फोन कर बुलाया और अपने साथ ले गए। तभी से वह रहस्यमय तरीके से लापता है।
जिसकी 6 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई गई और 29 अगस्त को ग्रीश, सीमा, पातीराम (निवासी उसहैत, बदायूं) व रामदत्त (निवासी सिकंदरपुर वैश्य) के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया।
सत्यपाल का कहना है कि दो माह से पुलिस सिर्फ आश्वासन दे रही है जबकि उनके पुत्र के साथ किसी अनहोनी की आशंका गहराती जा रही है। इस पर उन्होंने एसपी अंकिता शर्मा से विवेचना किसी अन्य थाने को सौंपने और पुत्र की बरामदगी की गुहार लगाई है।