कुंदन पाल | ललितपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ललितपुर-बीना रेलवे सेक्शन पर मंगलवार रात को निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ टूटने से ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना के कारण अप लाइन पर चलने वाली 10 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं। जिनमें से तीन का मार्ग बदला गया। कई ट्रेनें ललितपुर रेलवे स्टेशन पर घंटों खड़ी रहीं।
यह घटना मंगलवार रात लगभग 11 बजे करौंदा आगासौद रेलवे स्टेशन के पास किलोमीटर 990/21 पर हुई। राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22222) के गुजरते समय पीछे के इंजन का पेंटोग्राफ उलझकर टूट गया।जिससे ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस व्यवधान के कारण ललितपुर रेलवे स्टेशन पर झेलम एक्सप्रेस (1078), श्रीधाम एक्सप्रेस (2151) और नवयुग ट्रेन (206318) को रोका गया। वहीं लगभग तीन घंटे बाद इन तीनों ट्रेनों को धौर्रा स्टेशन से एक-एक करके बीना स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
बीना और तालबेहट से मौके पर भेजे गए टॉवर वैगन
इसके अतिरिक्त, एपी सुपरफास्ट ट्रेन (12626), कर्नाटक सुपर फास्ट (2628) और शाने ए भोपाल ट्रेन (2156) का मार्ग परिवर्तित किया गया। इन ट्रेनों को ग्वालियर से गुना होते हुए बीना रेलवे लाइन के माध्यम से भोपाल भेजा गया। ओएचई लाइन टूटने की सूचना मिलते ही ललितपुर, बीना और तालबेहट से टॉवर वैगन मौके पर भेजे गए। टीआई, सीसीआई और रेलवे स्टेशन अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे।
देर रात झांसी रेल मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया। रात लगभग 2 बजे राजधानी एक्सप्रेस को डीजल लोको इंजन लगाकर बीना तक ले जाया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 3:55 बजे लाइन को बहाल किया जा सका। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।