यमुनानगर में एनकाउंटर के बाद बदमाश के शव को अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस।
हरियाणा के यमुनानगर में शुक्रवार की देर रात धोलेरा-रादौर नए हाईवे पर 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस दाैरान दोनों तरफ से 16-17 राउंड फायर हुए, जिसमें सीआईए-2 के इंचार्ज के बाजू में गोली लगी। वहीं पुलिस की जवाबी कार्रवाई में
.
बदमाश ने रविवार को अपने दो अन्य साथियों के साथ मॉडल टाउन में बरनाला शॉपिंग कॉम्पलेक्स के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी, जिसके बाद यहां से तीनों बदमाश सीएम नायब सिंह सैनी के विधानसभा क्षेत्र लाडवा पहुंचे और वहां पर ठेके पर कई चार राउंड फायर कर हवा में पिस्टल लहराते हुए वहां से फरार हो गए थे।

एनकाउंटर में गोली लगने से घायल हुए सीआईए-2 के इंचार्ज।
एक बदमाश को कुरुक्षेत्र पुलिस ने टांगों में मारी गोली
मुठभेड़ में मारे गए बदमाश की पहचान रजत कुमार निवासी शेरगढ़ के रूप में हुई है, जिसके ऊपर सात से आठ केस पहले से दर्ज हैं। वहीं बदमाश पर 50 हजार रूपए का इनाम भी रखा हुआ था। रजत के एक साथी लाडवा निवासी अमन कुमार को भी शुक्रवार को कुरुक्षेत्र पुलिस द्वारा दोनों टांगों में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया गया है।
रात करीब 10 बजे यमुनानगर सीआईए-2 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रविवार को मॉडल टाउन में फायरिंग करके दहशत फैलाने वालों में से एक बदमाश रजत कुमार जोकि कई संगी मामलों में वांछित भी है इस समय रादौर क्षेत्र में नई वारदात की योजना बना रहा है।

बदमाश का शव आते ही अस्पताल में पहुंचा पुलिस बल।
इलाज के दौरान बदमाश ने तोड़ा दम
बदमाश की धरपकड़ के लिए पुलिस ने धोलेरा-रादौर हाईवे पर नाकाबंदी की। इस दौरान रजत का पुलिस से आमना सामना हो गया। पुलिस को देखते ही रजत ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलीबारी की। दोनों तरफ से 16-17 राउंड फायर हुए, जिसमें रजत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं इस दौरान सीआईए-2 के इंचार्ज राकेश कुमार की बाजू में गोली लगी। बताया जा रहा है कि गोली बाजू के आर-पार हो गई। दोनों घायलों को तुरंत पुलिस की गाड़ी में यमुनानगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बदमाश रजत कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया वहीं सीआईए-2 के इंचार्ज की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल सिविल अस्पताल पहुंचे
काला राणा गैंग का सक्रिय सदस्य
बताया जा रहा है क रजत काला राणा गैंग का सक्रिय सदस्य था जोकि गैंगस्टर नोनी राणा के कहने पर काम किया करता था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी यमुनानगर कमलदीप गोयल सिविल अस्पताल पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।
मुठभेड़ स्थल और अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी गोयल ने कहा, हमारी टीम पूरी तरह सतर्क थी। यह कार्रवाई अपराधियों को सख्त संदेश देती है कि कानून से बचना असंभव है।फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए, और रजत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

मॉडल टाउन में फायरिंग के दौरान सीसीटीवी में कैद हुए थे बदमाश।
मॉडल टाउन में फायरिंग की नोनी राणा ने ली थी जिम्मेदारी
रविवार को मॉडल टाउन में रजत, अमन व एक अन्य बदमाश ने बरनाला शॉपिंग कॉम्पलेक्स के बाहर फायरिंग की थी। वारदात के लिए उन्होंने बस अड्डे के पास से एक किशोर की बाइक गन प्वाइंट पर छीनी थी। यमुनानगर में दहशत फैलाने के बाद तीनों बदमाश लाडवा पहुंचे थे और वहां पर ठेके के बाहर गोलियां चलाई थी।
वारदात के करीब तीन घंटे बाद इन फायरिंग की जिम्मेदारी नोनी राणा ने इंस्टाग्राम पर बने काला राणा ग्रुप नामक अकाउंट से ली थी, जिसमें लिखा था कि ये ट्रेलर था। इसके बाद यमुनानगर और कुरुक्षेत्र दोनों जिलों की पुलिस सक्रिय हो गई थी। बदमाशों की धरपकड़ के लिए दोनों जिलों की नौ टीमें जगह-जगह दबिश दे रही थीं। इतना ही नही साथ लगते जिलों में भी निगरानी रखी जा रही थी।
फायरिंग के बाद मांगी रंगदारी
मॉडल टाउन में फायरिंग के तीन बाद नोनी राणा द्वारा ही मॉडल टाउन के ही एक मोबाइल व्यापारी से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई और न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और व्यापारी को तभी तीन गनर प्रोवाइड कराए। वहीं बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुरे शहर में सख्ती बढ़ा दी।