भिवानी पुलिस ने लोहारू क्षेत्र के गांव सेहर के स्टेडियम में ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें सही दिशा देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें लोहारू के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
.
उन्होंने खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग इस दिशा में हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कबड्डी प्रतियोगिता और प्रोत्साहन राशि
कार्यक्रम के दौरान एसपीओ सुनील ने बच्चों और युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ियों को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने अपनी निजी कोष से प्रोत्साहन राशि भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर के खिलाड़ी ही भविष्य में जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं, इसलिए उन्हें हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

खेल प्रतियोगिता में जौहर दिखाते हुए युवा।
नशे से दूर रहने और डिजिटल संयम बरतने की सलाह
थाना प्रभारी ने युवाओं को नशे के खतरों से आगाह करते हुए कहा कि खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं और उनमें अनुशासन, मेहनत व आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने डिजिटल लत से बचने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सीमित मात्रा में ही करें और परिवार के साथ समय बिताएं।
ग्रामीणों ने रखी मांगें, थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन
इस अवसर पर ग्रामीणों ने थाना प्रभारी के समक्ष स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि स्टेडियम में रैंप का निर्माण, चारदीवारी करवाने और बच्चों के लिए खेल उपकरण उपलब्ध करवाना आवश्यक है ताकि खिलाड़ी सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में खेल सकें। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि इन मांगों को संबंधित विभाग और लोहारू एसडीएम के संज्ञान में लाकर जल्द समाधान करवाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में गांव के सरपंच संदीप ढिल्लों, बीडीसी राजेश नेहरा, करपा राम रेफरी, दयानन्द नेहरा, सतपाल पायल, महाबीर सेठ, नरेश मेहला सहित खिलाड़ी, युवा व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।