Israel Gaza War Ceasefire; Benjamin Netanyahu Donald Trump | Hamas | हमास गाजा पर कब्जा छोड़ेगा, बंधक रिहा होंगे: ट्रम्प की धमकी के बाद सीजफायर पर राजी; इजराइल तुरंत हमला रोकने को तैयार

Actionpunjab
8 Min Read


वॉशिंगटन डीसी14 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की धमकी के 6 घंटे बाद हमास गाजा में सीजफायर को तैयार हो गया है। हमास ने शुक्रवार रात ऐलान किया कि वह ट्रम्प के प्लान में बताए गए फॉर्मूले के मुताबिक सभी बंदियों को (जिंदा या मुर्दा) रिहा करने को तैयार है। साथ ही गाजा का प्रशासन छोड़ने को भी तैयार है।

हमास ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प की इस हफ्ते पेश की गई 20 पॉइंट की पीस डील के कुछ हिस्सों पर बातचीत जरूरी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक हमास की तरफ से जो जवाब आया है, उसमें हथियार छोड़ने का जिक्र नहीं किया गया है।

हमास के ऐलान के बाद ट्रम्प ने इजराइल को तुरंत गाजा में हमले करना बंद करने को कहा है। वहीं, इजराइल ने कहा कि वह ट्रम्प के गाजा प्लान पर काम करने के लिए तैयार है।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू के ऑफिस ने बयान जारी कर रहा कि इजराइल ट्रम्प के प्लान के पहले चरण को लागू करने के लिए तैयार है। इसके लिए वे ट्रम्प और उनकी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे ताकि जंग खत्म हो।

इसके साथ ही इजराइल गाजा में हमला रोकने को तैयार हो गया है। इजराइल की आर्मी रेडियो के मुताबिक, सरकार ने सेना को गाजा पर कब्जे की कार्रवाई को रोकने का आदेश दिया है। इसमें कहा गया है कि सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही कार्रवाई करे।

दरअसल, 29 सितंबर की रात इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से वॉशिंगटन डीसी में मुलाकात की थी। इसके बाद नेतन्याहू गाजा में सीजफायर पर सहमत हुए थे। ट्रम्प ने सीजफायर के लिए 20 पॉइंट का एक प्लान तैयार किया है।

हमास 48 बंधकों को रिहा करने को तैयार

हमास सभी 48 बंधकों को रिहा करने के लिए तैयार है। बंधक सीजफायर लागू होने के 72 घंटे के भीतर रिहा किए जाएंगे और बदले में 2,000 से ज्यादा फिलिस्तीनी सुरक्षा कैदियों और मारे गए गाजावासियों के शव लौटाए जाएंगे।

इसके बाद इजराइल गाजा से अपनी वापसी का पहला फेज पूरा करेगा। बंधकों को तब ही रिहा किया जाएगा जब जरूरी परिस्थितियां तैयार हो जाएंगी। हालांकि हमास ने इन परिस्थितियों के बारे में और कुछ नहीं बताया है।

हमास के ऐलान के बाद ट्रम्प ने वीडियो जारी कर इस दिन को बहुत खास बताया है। उन्होंने कहा है अभी भी कई मुद्दे पर काम बाकी है। उन्होंने कहा कि वे बंधकों के जल्द से जल्द घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि बंधक जल्द से जल्द अपने मां-पिता के पास लौटें।

ट्रम्प ने रविवार तक सीजफायर प्लान मानने की धमकी दी थी

इससे पहले ट्रम्प ने 3 अक्टूबर तक हमास से सीजफायर प्लान मानने को कहा था। बाद में ट्रम्प ने इस डेडलाइन को दो दिन के लिए बढ़ाकर 5 अक्टूबर तक कर दिया।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर धमकी दी थी कि अगर समझौता नहीं होता है, तो हमास के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जैसी कभी नहीं देखी गई। मिडिल ईस्ट में शांति किसी न किसी तरह से होगी।

ट्रम्प के सीजफायर प्लान के 20 पॉइंट

ट्रम्प ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि इस प्लान में गाजा में युद्ध रोकना, सभी बंधकों को छोड़ना और गाजा में प्रशासन चलाने के लिए एक अस्थायी बोर्ड बनाने का प्रस्ताव है। ट्रम्प इस बोर्ड की अध्यक्षता करेंगे और इसमें पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी होंगे।

  1. तुरंत युद्ध रोकना- इजराइल और हमास के बीच सहमति बनी तो गाजा में युद्ध तुरंत खत्म होगा।
  2. इजराइल पीछे हटेगा- सहमति से इजराइल अपनी सेनाओं को धीरे-धीरे गाजा से निकाल लेगा।
  3. बंधकों को छोड़ना- हमास 72 घंटे में सभी इजराइली बंधकों को रिहा करेगा, जिनमें जिंदा और मृत दोनों होंगे।
  4. कैदियों की रिहाई- युद्ध खत्म होने पर इजराइल, गाजा के उम्रकैद की सजा काट रहे 250 लोगों और अन्य 1700 कैदियों को छोड़ देगा।
  5. शवों का आदान-प्रदान – हर मृत इजराइली कैदी के बदले 15 मृत फिलिस्तीनी कैदियों के शव लौटाए जाएंगे।
  6. गाजा को आतंक मुक्त बनाना- गाजा से हमास के सारे ठिकाने और हथियार हटाए जाएंगे।
  7. हमास प्रशासन में शामिल नहीं- हमास और अन्य लड़ाके गाजा की सरकार में हिस्सा नहीं लेंगे।
  8. अंतरिम प्रशासन समिति- गाजा के लिए एक अस्थायी तकनीकी समिति बनाई जाएगी, जिसमें योग्य लोग होंगे।
  9. शांति बोर्ड बनेगा- इस बोर्ड की अध्यक्षता अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प करेंगे, इसमें टोनी ब्लेयर और अन्य देशों के नेता शामिल होंगे।
  10. पुनर्निर्माण योजना- बोर्ड गाजा के विकास और सुधार की योजना बनाएगा और उसका खर्च उठाएगा।
  11. मानव सहायता- गाजा को तुरंत पर्याप्त मदद दी जाएगी।
  12. विशेष व्यापार क्षेत्र- गाजा में खास व्यापारिक क्षेत्र बनाए जाएंगे, जिससे रोजगार बढ़ेगा।
  13. लोगों की आजादी- किसी को गाजा छोड़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा; जो चाहे जा सकता है और लौट सकता है।
  14. सुरक्षा के लिए फोर्सेस- एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बल गाजा में सुरक्षा बनाए रखेगा।
  15. पुलिस की ट्रेनिंग- सुरक्षा बल गाजा पुलिस को ट्रेनिंग देंगे और मदद करेंगे।
  16. सीमा सुरक्षा- इजराइल और मिस्र की सीमाओं पर सुरक्षा मजबूत होगी।
  17. लड़ाई बंद- युद्ध खत्म होने तक हवाई हमले और गोलाबारी रोकी जाएगी।
  18. मानवाधिकार सुनिश्चित- अंतरराष्ट्रीय संगठन गाजा में मदद और सुरक्षा की निगरानी करेंगे।
  19. शांति बातचीत- इजराइल और फिलिस्तीन के बीच शांति के लिए बातचीत शुरू होगी।
  20. भविष्य की योजना– इस योजना का मकसद गाजा में स्थायी शांति, विकास और बेहतर जीवन लाना है।

————————–

इजराइल से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

इजराइल का कतर की राजधानी दोहा पर हमला:हमास लीडर बाल-बाल बचे, 6 अन्य की मौत; PM नेतन्याहू ने हमले की जिम्मेदारी ली

कतर की राजधानी दोहा में मंगलवार को कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इजराइली सेना ने ऐलान किया कि उसने हमास के सीनियर नेताओं को निशाना बनाकर हवाई हमले किए हैं। ये हमला हमास चीफ खलील अल-हय्या को निशाना बनाकर किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में अल-हय्या बच गया, जबकि 6 अन्य लोगों की मौत हो गई। यहां पढ़ें पूरी खबर…

UN में नेतन्याहू के भाषण का बॉयकॉट:इजराइली PM बोले- सभी दुश्मनों को खत्म किया; गिरफ्तारी से बचने 5 देशों का एयरस्पेस छोड़कर अमेरिका पहुंचे

इजराइली पीएम नेतन्याहू के भाषण का संयुक्त राष्ट्र (UN) में बॉयकॉट किया गया। नेतन्याहू ने शुक्रवार को जैसे ही UN महासभा में स्पीच देना शुरू किया, 50 देशों के सौ डिप्लोमैट्स हॉल से बाहर चले गए।वॉकआउट करने वाले देशों में ब्रिटेन, फ्रांस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया सहित वे देश शामिल थे जिन्होंने हाल ही में फिलिस्तीन को मान्यता दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *