गौतम बुद्ध नगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दादरी के मिहिर भोज इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा का एक छात्र बैग में अवैध तमंचा लेकर स्कूल पहुंचा। प्रधानाचार्य को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र को तमंचे के साथ हिरासत में ले लिया।
यह घटना गुरुवार दोपहर की है। कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य मिलाप सिंह ने बताया कि कक्षा में अन्य छात्रों ने नाबालिग के बैग में तमंचा देखा था, जिसके बाद उन्होंने प्रधानाचार्य को इसकी सूचना दी। प्रधानाचार्य की सूचना पर दादरी कोतवाली पुलिस तुरंत कॉलेज पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद किया। छात्र दादरी की रज्जाक कॉलोनी का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में छात्र ने बताया कि उसने यह तमंचा दो हजार रुपये में ‘शौक’ के लिए खरीदा था। वह अपने दोस्तों को दिखाने के लिए इसे कॉलेज लेकर आया था। छात्र की उम्र 15 वर्ष है और वह नाबालिग है।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने यह तमंचा किससे खरीदा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।