Karnal couple KIA car suddenly caught fire | Kurukshetra news | करनाल के दंपती की KIA कार में अचानक आग लगी: कुरुक्षेत्र में गाड़ी रोकते ही निकला धुआं, बोनट खोलते भड़की; ससुराल से लौट रहे थे – Kurukshetra News

Actionpunjab
3 Min Read


कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाईवे पर लाडवा के IGN कॉलेज के पास करनाल के दंपती की जलती कार।

कुरुक्षेत्र के लाडवा में सड़क पर चलती KIA कार में अचानक आग लग गई। जिस वक्त हादसा हुआ, उस समय कार में करनाल निवासी दंपती और उनके 2 बच्चे सवार थे। समय रहते परिवार कार से बाहर निकल आया और उनकी जान बच गई। हालांकि उनकी कार जलकर राख हो गई।

.

जानकारी के मुताबिक, परिवार यमुनानगर से अपने अपने घर करनाल लौट रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाईवे पर IGN कॉलेज के पास कार रोकी और सब नीचे उतर गए। इसी दौरान कार से धुआं निकलने लगा और परिवार डर कर पीछे हट गया।

कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाईवे पर IGN कॉलेज के पास अचानक कार में लगी आग।

कुरुक्षेत्र-सहारनपुर हाईवे पर IGN कॉलेज के पास अचानक कार में लगी आग।

इस दौरान कार के इंजन से भयंकर लपटें निकलने लगीं। कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना डायल-112 और फायर बिग्रेड कर्मी को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस और फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। टीम को आग पर काबू पाने में आधा घंटा लगा। मगर, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

ससुराल से लौट रहे थे घर

करनाल के सेक्टर-4 में रहने वाले विक्रम ने बताया कि वह अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ अपनी ससुराल थाना छप्पर जिला यमुनानगर में अपनी KIA कार में गए थे। रात को वह लोग वापस करनाल जाने के लिए निकल पड़े। जैसे ही वे लाडवा के IGN कॉलेज के पास पहुंचे तो बच्चों ने बाथरूम जाने के लिए कार रुकवा ली।

अचानक धुआं निकलने लगा

विक्रम के मुताबिक, पूरा परिवार कार से नीचे उतर गया। बच्चे कार से थोड़ा दूर हो गए। इस दौरान उनकी कार से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर वे अपनी कार से साइड हो गए। उसने चेक करने के लिए कार का बोनट खोला तो इंजन में अचानक आग भड़क गई।

कार पूरी जलकर राख

विक्रम ने बताया कि देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। कार में आग भड़कती देख वे पीछे हट गए और अपनी जान बचाई। इस दौरान आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग बुझाई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *