सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

भदोही में स्वदेशी जागरण मंच ने गुरुवार को स्वदेशी जनजागरण यात्रा निकाली। इस यात्रा का उद्देश्य स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देना और आमजन को स्वदेशी आंदोलन से जोड़ना था।
यह यात्रा राजपुर चौराहे से शुरू होकर नगर के विभिन्न स्थानों से गुजरी और तहसील भदोही परिसर पहुंची। यहां उपस्थित नागरिकों और अधिवक्ताओं से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को लेकर संवाद किया गया।
यात्रा के संयोजक और काशी प्रांत के संपर्क प्रमुख मनोज कुमार सिंह ने कहा कि संगठन का लक्ष्य लोगों को स्वदेशी उत्पादों से जोड़ना और उनके उपयोग को जन आंदोलन बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपने संबोधनों में स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर जोर देते रहे हैं। श्री सिंह ने “दूध-दही थाली में, पेप्सी-कोला नाली में” का नारा भी दिया।
इस दौरान स्वदेशी मेला की जिला प्रभारी और महिला जिलाध्यक्ष रूपाली जायसवाल ने “घर-घर स्वदेशी, हर घर स्वदेशी” का नारा बुलंद करते हुए आमजन से विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से थम्सअप, लिम्का और कोका-कोला जैसे पेय पदार्थों को सड़क पर बहाकर विदेशी उत्पादों के बहिष्कार का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, नगर अध्यक्ष कमलेश जायसवाल, गायत्री परिवार के राधेश्याम उपाध्याय ‘संत जी’, वीरेंद्र पांडे, रामकुमार मिश्र, सभासद अजय दुबे, शेखर पांडे, अनिल पांडेय, अधिवक्ता धर्मेंद्र पांडेय, अवधेश सिंह, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद काशी प्रांत के महामंत्री तरुण कुमार शुक्ल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अशोक सिंह, कुंदन सिंह, गायत्री परिवार के सुभाष चंद्र मौर्य, भाजपा नेता शिव शंकर यादव और प्रमुख व्यवसायी रामेश्वर राय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।