.
दक्षिण हलके के अधीन आते वार्ड 38 में मूलभूत सुविधाओं की काफी कमी है। वार्ड के इलाका पीरां वाला बाजार, कोट मित सिंह, सिल्वर अस्टेट, भाई मंझ सिंह, दविंदर नगर आदि इलाकों में परेशानी बनी हुई है। पीरां वाला बाजार में मेन रोड पर कई गड्ढे है। वहीं इस रोड पर सीवरेज चैंबर नहीं है, खुले चैंबरों में गंदगी जा रही है। कई जगहों पर तो चैंबर ब्लॉक हो चुके है। वहीं एक सड़क अभी भी कच्ची है। कोट मित सिंह में एक रोड को कच्चा छोड़ा गया है। इस इलाके में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी है। तारों के जाल बिखरे पड़े है।
सिल्वर एस्टेट में सीवरेज जाम की समस्या बनी हुई है। यहां की सड़कें भी खराब अवस्था में है। भाई मंझ सिंह रोड के एक इलाके की सड़क भी कच्ची है। यहां कई सड़कों पर गड्ढे है। कूड़े की समस्या भी यहां बनी हुई है। लोग खुले प्लॉटों में कूड़ा फेंक रहे है। इसी इलाके में बिजली के मीटर बॉक्स खुले पड़े है, जो छोटे बच्चों और जानवरों के लिए खतरा बना हुए है।
दविंदर नगर के पूरे इलाके में अभी तक वाटर सप्लाई ही नहीं है, यहां के लोग घरों में लगे सबमर्सिबल पंप से पानी भर गुजारा कर रहे है। वार्ड वासियों का कहना है कि वार्ड के इलाकों में बनी समस्याओं को पहल के आधार पर हल किया जाए।
वार्ड-38 के पार्षद भगवंत सिंह ने कहा कि वार्ड में कूड़े की समस्या का समाधान किया जा रहा है। पीरां वाला बाजार की सड़क उनके पार्षद बनने से पहले बनी है, इसे दोबारा बनाया जाएगा। वार्ड में जो गलियां कच्ची है, उनमें से कुछ का झगड़ा चल रहा है। यह क्लियर होने के बाद वह भी बना दी जाएंगी।
अकाली दल से चुनाव लड़े जरनैलबीर सिंह ने बताया कि वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का बुरा हाल है। जगह-जगह कूड़े ढेर लगे हुए हैं। दविंदर नगर के आधे इलाके में वाटर सप्लाई तक नहीं दी गई। सड़कों का बुरा हाल है, इसे ठीक नहीं करवाया जा रहा। तारों के जाल बिखरे पड़े हैं। स्ट्रीट लाइटें तक प्रॉपर नहीं जलती हैं।
सुखदेव सिंह निवासी पीरां वाला बाजार ने बताया कि रोड जगह- जगह से टूटा है। सीवरेज चैंबर के ढक्कन तक नहीं है। कूड़े की समस्या बनी हुई है। हरपाल कौर निवासी गली रटोल वाली ने बताया कि गंदे पानी से काफी बदबू आती है। वह सबमर्सिबल पंप लगे घरों पर निर्भर है। गुरलीन कौर निवासी कोट मित सिंह ने बताया कि इलाके में लगी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, न कोई ठीक करने आता है, न ही कोई इसे उतारने आता है।
मनदीप कौर निवासी कोट मित सिंह ने बताया कि इलाके में सीवरेज मिक्स गंदा पानी आ रहा है। इसका समाधान किया जाना चाहिए। गंदे पानी से काफी काम प्रभावित है। सचदेवा सिंह निवासी कोट मित सिंह ने बताया कि उनके इलाके की गली को कई वर्षों से कच्चा छोड़ा गया है। कहने के बावजूद नहीं बनाया जा रहा। पीरां वाला बाजार की टूटी रोड। भाई मंझ साहिब की कच्ची सड़क। कोट मित सिंह में कच्ची सड़क। पीरां वाला बाजार में खुला सीवरेज चैंबर। खाली प्लाट में कूड़ा।

