‘War for the Pure’ campaign in Deeg | डीग में ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान: मिठाइयों और तेल के सैंपल लिए, 1425 किलो तेल सीज – Deeg News

Actionpunjab
2 Min Read



दीपावली पर्व पर आमजन को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कस्बा नगर में निरीक्षण और नमूनाकरण की कार्रवाई की।

.

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर टी. शुभ मंगला के आदेश, डीग कलेक्टर उत्सव कौशल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने किया।

कार्रवाई के दौरान जोधपुर स्वीट होम से छेना रसगुल्ला, राम हलवाई से मावा, और खंडेलवाल मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी व छेना रसगुल्ला के नमूने लिए गए। दुकानदारों को मिठाइयां साफ-सफाई से बनाने, उन्हें ढककर रखने और कृत्रिम रंगों का उपयोग न करने के निर्देश दिए गए।

इसी दौरान, फर्म जय भारत ट्रेडर्स (थोक विक्रेता) का निरीक्षण किया गया, जहां से ‘हेल्थ स्टार’ ब्रांड के रिफाइंड पामोलिन तेल का एक नमूना लिया गया। साथ ही लगभग 1425 किलोग्राम रिफाइंड पामोलिन तेल सीज किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि लिए गए सभी पांच नमूनों को जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, भरतपुर भेजा जाएगा। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSSA Act) के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद नगर के दुकानदारों में हलचल और सतर्कता देखी गई।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *