अभिजीत सिंह | गोरखपुर1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर में दीपोत्सव की शुरुआत आज धनतेरस से हो रही है और पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठा है। गोलघर, रेती, घंटाघर, हिंदी बाजार, अलीनगर, असुरन चौक, गोरखनाथ, चारफाटक और रुस्तमपुर जैसे प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। झालर, लाइटिंग और सजावट से बाजारों की चमक बढ़ गई है। हर ओर उत्साह का माहौल है। आज सुबह से ही खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
पंचांग के अनुसार कार्तिक माह की त्रयोदशी तिथि आज सुबह 10 बजकर 31 मिनट से शुरू होकर कल दोपहर 1 बजकर 15 मिनट तक रहेगी। ज्योर्तिविद मनीष मोहन के अनुसार, इस अवधि में की गई खरीदारी को अत्यंत शुभ माना गया है। लोग आज सोना-चांदी, बर्तन, गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सजावटी सामग्री और पूजन के सामान की खरीदारी करेंगे।
3 तस्वीरें देखिए



ज्वेलरी बाजार में ऑफर्स की भरमार
गोलघर, पार्क रोड, अलीनगर और असुरन के सर्राफा बाजारों में आज सुबह से खरीदारों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी। दुकानदारों ने ग्राहकों के लिए मेकिंग चार्ज पर छूट और उपहार ऑफर किए हैं। लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्तियां और सिक्कों के साथ सोने-चांदी के गहनों की खरीदारी परंपरा के अनुसार शुभ मानी जाती है।
ऑटोमोबाइल शोरूम्स में आज डिलीवरी का दिन
धनतेरस पर गाड़ियों की डिलीवरी के लिए शहर के ऑटोमोबाइल शोरूम्स तैयार हैं। आज सुबह से कार और बाइक की डिलीवरी शुरू होगी। ग्राहकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए एजेंसियों ने अतिरिक्त स्टाफ लगाया है। शोरूम्स में नई गाड़ियों को सजाया गया है और ग्राहकों को विशेष ऑफर भी दिए जा रहे हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में जगमगाहट- झालरों की बंपर बिक्री
रेती, कोतवाली रोड और टाउनहाल के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजारों में दीपोत्सव की चमक दिखने लगी है। टीवी, फ्रिज, मोबाइल, वॉशिंग मशीन और एसी की बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। झालर और सजावटी लाइट्स की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ी है।
कपड़ा बाजारों में पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ी
रेती, टाउनहाल और अलीनगर के कपड़ा बाजारों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें नए कलेक्शन से सजा दी हैं। फैंसी साड़ियां, लहंगे, कुर्ते, पैजामे और बच्चों के कपड़ों की बिक्री आज सुबह से तेज होगी। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक कारोबार की संभावना है।

पूजन सामग्री की दुकानों में भी तैयारी पूरी
टाउनहाल और अलीनगर के पूजन सामग्री बाजारों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां, दीये, रोली, घी, अगरबत्ती और तेल से सजी दुकानों की रौनक देखते ही बनती है। पूजा के सामान की खरीदारी के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो जाएगी।
शहरभर में दीपोत्सव का उल्लास
गोलघर से लेकर गिरधरगंज, बलदेव प्लाजा, असुरन चौक और रुस्तमपुर तक हर बाजार दीपोत्सव की रोशनी से दमक रहा है। मिठाई, ड्राईफ्रूट्स, बर्तन, ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर देर रात तक खरीदारी का दौर चलेगा।