![]()
पलवल के एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ ने वर्ष 2019 में ओएलएक्स पर कार खरीदने का विज्ञापन देकर हुई लूटपाट के मामले में छह साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए बहीन थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
.
एवीटी स्टाफ प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि यह मामला 18 जून 2019 का है। नोएडा के सेक्टर-55 निवासी दीपक सिंह ने पलवल के बहीन थाना पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि ओएलएक्स पर कार का विज्ञापन देखने के बाद उन्होंने बेचने वाले से संपर्क किया और सौदा तय हो गया।
वाहन देने की बात कहकर जंगल ले गया आरोपी
दीपक अपने साथी इमरान के साथ कार खरीदने के लिए बताए गए स्थान पर पहुंचे। उन्हें कस्बा पुन्हाना और सिंगार गांव के बीच मोदीश कॉलेज के पास बुलाया गया था। वहां से एक व्यक्ति उन्हें बाइक पर आगे-आगे चलते हुए पुन्हाना के रास्ते आलीमेव के जंगल में ले गया।
हथियारों की नोक पर की थी लूटपाट
जंगल में पहले से ही पांच-छह व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मौजूद थे। आरोपियों ने दोनों युवकों को हथियारों के बल पर धमकाया और उनसे जबरन 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, दो सोने की अंगूठी और तीन फोन लूट लिए।
लूटे पैसे और मोबाइल पहले ही बरामद
एवीटी हथीन प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही शकील, आजम, तालीम और रफीक को गिरफ्तार कर चुकी है। उनसे लूटे गए रुपए, मोबाइल और हथियार भी बरामद किए गए थे। अब, इस मामले में तिलवाड़ा निवासी तोहिद को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लूट सहित कई अन्य गंभीर मामले भी दर्ज हैं।