![]()
प्रतापगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी खरीदने जा रहे एक अभियुक्त को 6 लाख रुपए नगद के साथ गिरफ्तार किया है।
.
कोटड़ी थाना पुलिस ने 19 अक्टूबर 2025 को नाकाबंदी के दौरान जहीर अब्बास उर्फ कोच्ची पठान नामक व्यक्ति को पकड़ा और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
यह घटना 19 अक्टूबर 2025 को जाम्बुखेड़ा तिराहे पर हुई, जहां थानाधिकारी हजारीलाल मीणा मय जाप्ता वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मोवाई की तरफ से आ रही एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल पुलिस नाकाबंदी देखकर वापस मुड़ने का प्रयास करने लगी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चालक को रोका।
पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम जहीर अब्बास उर्फ कोच्ची पठान (35) पुत्र रियाज खां उर्फ राजू भाई पठान, निवासी देवल्दी, थाना अरनोद बताया। मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का कारण पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ के दौरान उसके फोन पर लगातार कॉल आ रहे थे, जिससे वह घबरा गया।
मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में जहीर अब्बास ने खुलासा किया कि देवल्दी निवासी शाहिद पठान पुत्र जलाल खां पठान और उसका भाई रसीद खान उसकी बिरयानी की दुकान पर आए थे। शाहिद ने उसे एक पीले कपड़े की थैली में सफेद पॉलीथीन में रखी 8 गड्डियों में कुल 6 लाख रुपये दिए थे। शाहिद ने उसे शाम को कोटड़ी की तरफ चलकर इन रुपयों से एमडी खरीदने के लिए कहा था। शाम को शाहिद उसकी दुकान पर आया और उसे आगे चलने को कहा, जिसके बाद जहीर अपनी मोटरसाइकिल पर पैसों से भरी थैली लेकर शाहिद का पीछा कर रहा था। कोटड़ी थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।