हादसा करने वाली पीआरटीसी की बस और मौक पर जांच करती पुलिस
फरीदकोट जिले में तेज रफ्तार पीआरटीसी की बस ने एक बुलेट बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बुलेट बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
.
यह हादसा सोमवार दोपहर को जिले के कोटकपूरा शहर में मुक्तसर रोड वाले ओवरब्रिज पर हुआ। मृतक की पहचान मचाकी मल्ल सिंह वाला निवासी रमनदीप सिंह (18) पुत्र इकबाल सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

इसी बुलेट बाइक पर सवार थे दोनों लोग, जिसको पीआरटीसी की बस ने मारी टक्कर
सामने से बस ने मारी बाइक में टक्कर
जानकारी के अनुसार, कोटकपूरा के नजदीकी गांव मचाकी मल्ल सिंह वाला निवासी रमनदीप सिंह (18) पुत्र इकबाल सिंह अपने एक साथी गांव ढीमांवाली निवासी मनराज सिंह (16) पुत्र जसविंदर सिंह के साथ बुलेट बाइक पर सवार होकर कोटकपूरा शहर से अपने गांव लौट रहे थे।
वे मुक्तसर रोड ओवरब्रिज पर पहुंचे तो पुल के तिरछे मोड़ पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पीआरटीसी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
घायल को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
टक्कर लगने के बाद दोनों को काफी गंभीर चोटें लगीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल कोटकपूरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रमनदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनराज सिंह की हालत गंभीर होने के चलते उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज व अस्पताल, फरीदकोट रेफर कर दिया गया।

हादसे में के बाद घायल को अस्पताल लाया गया।
मामले की जांच जुटी पुलिस
इस मौके पर सिटी ट्रैफिक पुलिस के एएसआई राजिंदर कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद ओवरब्रिज पर जाम हुए ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया और सिटी पुलिस की टीम ने बस व मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।