breaking news live update headlines 21 October rajasthan delhi mp uttar pradesh maharashtra mumbai | भास्कर अपडेट्स: राष्ट्रपति मुर्मू 4 दिनों के दौरे पर केरल पहुंची; राज्यपाल आर्लेकर और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने स्वागत किया

Actionpunjab
13 Min Read


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Live Update Headlines 21 October Rajasthan Delhi Mp Uttar Pradesh Maharashtra Mumbai

6 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिनों के लिए केरल दौरे पर हैं। वे मंगलवार शाम तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पहुंचीं। केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन ने एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत किया।

राष्ट्रपति 22 अक्टूबर को सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती करेंगी। 23 अक्टूबर को, राष्ट्रपति तिरुवनंतपुरम के राजभवन में भारत के पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी। इसके बाद, वह वर्कला स्थित शिवगिरि मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी।

वह पलाई स्थित सेंट थॉमस कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह के समापन समारोह में भी शामिल होंगी। फिर 24 अक्टूबर को, राष्ट्रपति मुर्मू एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

उत्तराखंड के नैनीताल के ओल्ड लंदन हाउस में आग लग गई, दो महीने में दूसरी घटना ​​​​​​​

उत्तराखंड के नैनीताल में औपनिवेशिक काल के ओल्ड लंदन हाउस में आग लग गई। यह 162 साल पुरानी हेरिटेज बिल्डिंग है। पिछले दो महीनों में यहां आग लगने की यह दूसरी ऐसी घटना है। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार को लगभग 2.30 बजे बिल्डिंग के उसी हिस्से में हुई, जो पिछली आग से बच गया था। 27 अगस्त को आग लगने की घटना में 82 साल के शांता बिष्ट की मौत हो गई थी।

केंद्र सरकार ने वीरता पुरस्कार प्राप्त सुरक्षा बलों के प्रशस्ति पत्रों को नोटिफाई किया

केंद्र सरकार ने हाल ही में एक गजट नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न ऑपरेशंस में वीरता पुरस्कार प्राप्त रक्षा बलों के प्रशस्ति पत्रों को नोटिफाई किया गया है। नोटिफिकेशन में शामिल वीरता पुरस्कार प्रशस्ति पत्र मुख्यतः भारतीय वायु सेना और भारतीय थल सेना के कर्मियों के हैं।

नोटिफिकेशन के मुताबिक, कर्नल कोषांक लांबा ने बेजोड़ नेतृत्व का परिचय दिया और अल्प सूचना पर एक विशेष उपकरण बैटरी का पहला हवाई संचालन किया। ऑफिसर कमांडिंग के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल सुशील बिष्ट ने असाधारण साहस, नेतृत्व और संचालन कौशल का परिचय दिया। ग्रुप कैप्टन रणजीत सिंह सिद्धू, फ्लाइंग (पायलट) के लिए जारी नोटिफिकेसन के मुताबिक एक ऑपरेशन के दौरान, दुर्जेय लड़ाकू विमान से लैस उनके स्क्वाड्रन को एक पूर्व-निर्धारित लक्ष्य पर हमला करने के लिए चुना गया था। उनके स्क्वाड्रन ने टारगेट पर सफल हमले किए।

बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार-शॉ कर्नाटक के CM सिद्धारमैया और डिप्टी CM शिवकुमार से मिलीं

बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार-शॉ ने मंगलवार को कर्नाटक के CM सिद्धारमैया और डिप्टी CM डीके शिवकुमार से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु के विकास के लिए सहयोग और समर्थन देने का भरोसा दिया।

किरण बेंगलुरु की सड़कों और सफाई की लगातार आलोचना करती रही हैं। सोशल मीडिया पर कई बार राज्य सरकार से सुधारात्मक कदम उठाने की अपील कर चुकी हैं।

मुलाकात के बाद शिवकुमार ने मीडिया से कहा कि किरण शॉ ने उद्योग जगत की ओर से बेंगलुरु के विकास में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। यह मुलाकात राज्य सरकार और उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।

कर्मचारी सुसाइड केस में पुलिस ओला सीईओ को परेशान न करे, कर्नाटक हाईकोर्ट का आदेश

कर्नाटक हाईकोर्ट ने बेंगलुरु पुलिस को आदेश दिया है कि वे ओला के सीईओ भाविश अग्रवाल और अन्य अधिकारियों को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में परेशान न करें। मामला 38 साल के कर्मचारी की मौत से जुड़ा है।

जस्टिस मोहम्मद नवाज ने अग्रवाल, ओला इलेक्ट्रिक कंपनी और विभाग प्रमुख सुभ्रत कुमार दाश की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि पुलिस जांच के नाम पर याचिकाकर्ताओं को परेशान न करे। अग्रवाल और अन्य ने 14 अक्टूबर को अदालत में याचिका दायर कर केस रद्द करने और किसी भी सख्त कार्रवाई से रोक लगाने की मांग की थी। अदालत ने पुलिस और कर्मचारी के भाई को नोटिस जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…

राष्ट्रपति भवन के पास बिल्डिंग में आग लगी, फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में काबू किया

राष्ट्रपति भवन के गेट नंबर 31 के पास मंगलवार को एक इमारत में आग लग गई। दिल्ली फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि सूचना पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अधिकारी ने बताया कि दो मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने की सूचना दोपहर 1:51 बजे मिली थी। आग पर 20 मिनट में काबू पा लिया गया।

दिल्ली में पोते पर दादा को गोली मारने का आरोप, संपत्ति को लेकर विवाद

दिल्ली के चांदनी महल में मंगलवार सुबह 72 साल के शाहबुद्दीन को उनके पोतों ने गोली मार दी। पुलिस का दावा है कि घटना पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते हुई। पीड़ित, उनका बेटा और पोते लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद में थे।

घायल शाहबुद्दीन को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनकी हालत अब स्थिर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

दिल्ली में आतिशबाजी को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में आतिशबाजी को लेकर हुए विवाद में 24 साल के युवक के दिलीप की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना 20-21 सितंबर की रात की है। पुलिस ने कहा कि तीन आरोपियों धीरज, आकाश, तरुण को गिरफ्तार किया है। सभी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के रहने वाले हैं। एक और आरोपी फरार है। उसकी तलाश जारी है।

लोकपाल कार्यालय ने 7 BMW लग्जरी कारें खरीदने के लिए टेंडर जारी किया, एक कार की कीमत ₹60 लाख

भारत के लोकपाल कार्यालय ने सात हाई-एंड BMW 330 Li (लॉन्ग व्हील बेस) लग्जरी कारें खरीदने के लिए एक सार्वजनिक टेंडर जारी किया है।

यह कदम भ्रष्टाचार विरोधी संस्था की अपनी प्रशासनिक और लॉजिस्टिक व्यवस्था को मजबूत करने का हिस्सा है। टेंडर के अनुसार, हर कार की कीमत 60 लाख रुपए से अधिक है, और कुल सात कारों की लागत 5 करोड़ रुपए से ज्यादा होने की उम्मीद है।

टेंडर प्रक्रिया सार्वजनिक है, और इच्छुक पक्षों से 7 नवंबर से पहले अपनी बोली जमा करने को कहा गया है। बोली मूल्यांकन प्रक्रिया 7 नवंबर से शुरू होगी।

कारें डिलीवर होने के बाद बीएमडब्ल्यू लोकपाल के ड्राइवरों और स्टाफ को सात दिन की ट्रेनिंग देगी, जिसमें गाड़ियों के सिस्टम और उनके सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। यह खरीद लोकपाल की परिचालन और प्रशासनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए की जा रही है।

पश्चिम बंगाल के बैरकपुर के पास केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित बैरकपुर के पास मंगलवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई।

फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर विस्फोट की भी आवाजें सुनी गईं। फिलहाल किसी जनहानि की खबर नहीं है। हालात के मद्देनजर इलाके में फायर अलर्ट जारी किया गया है।

महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे में छापेमारी के बाद 53 किलो ड्रग्स बरामद, दो गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पालघर और ठाणे जिलों में पुलिस ने छापेमारी को दौरान ₹53 लाख की ड्रग्स मिली। इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को पालघर के वसई में 70 साल के इरफान सुलेमान खत्री के घर से 1.088 किलो चरस बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 16.37 लाख रुपए है।

पूछताछ में खत्री ने बताया कि उसने चरस ठाणे के भिवंडी निवासी से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने 25 साल के तारेबज अमीन मियां खान के घर छापा मारकर 1.386 किलो चरस और 1.05 किलो गांजा बरामद किया। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हरिद्वार के एक कबाड़ गोदाम में दिवाली की रात पटाखों से आग लग गई

हरिद्वार में भगत सिंह चौक के पास स्थित एक कबाड़ गोदाम में दिवाली की रात आग लग गई। जानकारी के अनुसार, पास में फोड़े गए पटाखों की चिनगारी से आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

अभी तक इस बात की जानकारी नहीं है की कितना नुकसान हुआ है। मामले की जांच जारी है।

दिवाली की रात दिल्ली फायर सर्विस को 269 शिकायतें मिली, शहर में कोई बड़ी घटना नहीं

दिल्ली फायर सर्विस को दिवाली की रात 269 शिकायतें मिलीं, लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं हुई। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर कॉल पटाखों और दीयों से लगी मामूली आग से जुड़ी थीं। विभाग ने त्योहार के दौरान सभी फायर स्टेशन और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट पर रखा था।

सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई थीं और वाहनों व उपकरणों की पहले से जांच की गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि पहले से पूरी तैयारी कर ली गई थी। ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पिछले साल दिवाली पर 200 से ज्यादा कॉल्स मिली थीं।

गुरदासपुर में 80% फसल कटाई के बाद भी पराली नहीं जली, पुलिस ने किसानों से बात की

गुरदासपुर में धान की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाएं रोकने के लिए एसएसपी और डिप्टी कमिश्नर ने सोहल गांव का दौरा किया। उन्होंने बताया की करीब 80% फसल कट चुकी है और अब तक पराली जलाने की कोई घटना नहीं हुई है। किसानों से पराली प्रबंधन के सुझाव लिए गए हैं।

किसानों ने फसल कटाई और बुवाई के बीच पर्याप्त समय देने की मांग की है, जिसे सरकार के सामने रखा जाएगा। पिछले साल यहां कई पराली जलाने की घटनाएं हुई थीं, लेकिन इस बार स्थिति नियंत्रण में है।

राजस्थान के जोधपुर में फल मंडी में आग लगी

राजस्थान के जोधपुर जिले स्थित भदासिया फल मंडी में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए हैं।

मुंबई पुलिस ने नकली डाक टिकट रैकेट पकड़ा, तीन गिरफ्तार

मुंबई में पुलिस ने पूरे भारत में फैले नकली डाक टिकट रैकेट का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने राकेश बिंद, शम्सुद्दीन अहमद और शाहिद रजा नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये रैकेट दिल्ली और बिहार से ऑपरेट किया जा रहा था। रैकेट नकली टिकट आधे दाम में बेचता था। पुलिस के मुताबिक अब तक ₹8 करोड़ से ज्यादा के लेन-देन की जानकारी मिली है। मामले की जांच चल रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *