24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बॉलीवुड के सीनियर एक्टर सतीश शाह का शनिवार शाम निधन हो गया। एक्टर 74 साल के थे और किडनी से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे। उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है। आज सुबह 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सतीश शाह के साथ पॉपुलर शो साराभाई वर्सेस साराभाई में काम कर चुके उनके ऑनस्क्रीन बेटे सुमित राघवन ने नम आंखों के साथ उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। सुमित राघवन ने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट कर कहा है- ‘2004 में हमने एक शो शुरू किया था और 70 एपिसोड के बाद हमने वो शो बंद कर दिया, क्योंकि तब वो चला नहीं। आज 21 साल बाद वो शो लोगों के दिलों की धड़कन बन चुका है। शो का नाम है साराभाई वर्सेस साराभाई। लोग उस शो के किरदारों से आइडेंटिफाई करने लगे हैं। लोग कहते हैं मैं घर का रोसेश हूं, मेरी बीवी मोनिका जैसे बिहेव करती है। लेकिन किसी ने ये नहीं कहा कि ये हमारे घर के इंद्रवदन हूं, क्योंकि इंद्रवदन एक ही हैं सतीश काका।’

आगे सुमित ने कहा, ‘वो आज हमें छोड़कर चले गए। ईश्वर जितना बड़ा हो रहा है, हम सबका बॉन्ड भी उतना ही मजबूत है। आज साराभाई परिवार का कर्ता पुरुष, सबसे सीनियर सदस्य हम सबको छोड़कर चले गए हैं। काफी दिनों से वो जूझ रहे थे। आखिरकार, जिंदगी बहुत निर्दयी हो सकती है। डैड आपका सफर अच्छा हो, आपसे दूसरी दुनिया में मिलूंगा।’

सुमित राघवन की पोस्ट।
सतीश शाह टीवी शो साराभाई वर्सेज साराभाई से फेमस हुए थे। उन्होंने मैं हूं ना (2004), कल हो ना हो (2003), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था।
साल 2008 में उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो कॉमेडी सर्कस में बतौर जज काम किया था।

साल 2015 में सतीश शाह को फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) की सोसाइटी का सदस्य भी बनाया गया था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा-
सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।


खाना खाने के बाद गिरे और दम तोड़ दिया
कॉमेडियन जॉनी लीवर ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वे उनके करीब 40 साल पुराने दोस्त थे।
सतीश किडनी से पीड़ित थे। उनका ट्रांसप्लांट कोलकाता में हो चुका था। डेढ़ महीने वहां रहकर वे पूरी तरह ठीक होकर वापस आए थे। अचानक आज खाना खाने के बाद वे गिर पड़े और उनका निधन हो गया।

जॉनी लीवर ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और सतीश शाह के साथ अपनी पुरानी तस्वीर शेयर की।
फिल्ममेकर को सुबह सेल्फी भेजकर कहा- देखो मैं कितना स्मार्ट लग रहा हूं

सतीश शाह ने शनिवार सुबह ही ये सेल्फी ली थी, जो उनकी आखिरी सेल्फी साबित हुई। ये सेल्फी उन्होंने फिल्ममेकर विवेक शर्मा को भेजी थी।
साराभाई वर्सेस साराभाई शो में उनके साथ काम कर चुके एक्टर राजेश कुमार ने सतीश के निधन पर दुख जताते हुए कहा- ‘ये मेरे लिए सबसे कठिन घड़ी है… अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि सतीश जी अब हमारे बीच नहीं रहे। ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने पिता को खो दिया हो। जिंदगी और ह्यूमर से भरपूर इंसान, जिन्होंने हर चीज को चुनौती दी, अपना नाम बनाया और एक अमिट छाप छोड़ी एक्टर के रूप में।
ये इंडस्ट्री और हम सबके लिए (साराभाई परिवार) के लिए बहुत बड़ी क्षति है। आइए हम सब उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें और उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें, ज्यादा बोल नहीं पा रहा हूं, मनोस्थिति ठीक नहीं है।’

साराभाई वर्सेस साराभाई शो के एक सीन में सतीश शाह के साथ राजेश कुमार।
सीनियर एक्टर राजेश बेदी ने भी एक वीडियो जारी कर भावुक अंदाज में सतीश शाह को याद किया। उन्होंने वीडियो में कहा है, ‘दोस्तों मुझे नहीं पता ये कैसे कहूं, आज मैं बहुत भावुक महसूस कर रहा हूं, बहुत भावुक, मुझे बात करने में भी मुश्किल हो रही है, मेरा प्रिय दोस्त, जो FTII में मेरा बैच मेट था, हमने साथ में ये जो है जिंदगी किया और कई फिल्में कीं। आज वो इस दुनिया में नहीं है, मेरे अंदर जितने इमोशन्स हैं, समझ में नहीं आ रहा, उन्हें शब्दों में कैसे बया करूं, मेरी जिंदगी के सबसे दुखद दिनों में आज का दिन शामिल है। मैं सतीश शाह से बहुत प्यार करता हूं। भाई तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।’
फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने बताया- शनिवार सुबह ही सतीश शाह से मेरी चैट हो रही थी। हम रोज बातें करते थे, एक-दूसरे को रील्स और दिलचस्प वीडियो भेजते थे।
सतीश शाह का एक पुराना सहयोगी रमेश था, जो कई सालों से उनके साथ काम कर रहा था। वही उन्हें अस्पताल लेकर गया।
सतीश शाह का करीब डेढ़ साल से डायलिसिस चल रहा था। उन्होंने सुबह मुझसे कहा था कि नवंबर से हम काम शुरू करेंगे। उन्होंने मुझे अपनी एक सेल्फी भेजी थी और बोले थे – देख, मैंने 20-22 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं।
FTII से पढ़ाई की थी
सतीश शाह का जन्म मुंबई के मांडवी में हुआ था। उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई की थी। साल 1972 में सतीश ने डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी।
सतीश ने साल 1970 में बॉलीवुड फिल्म भगवान परशुराम से करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर साल 2014 तक उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था।
वहीं, टीवी पर उन्होंने साल 1984 में ये जो है जिंदगी से अपना डेब्यू किया था। इस शो के 55 एपिसोड में उन्होंने 55 अलग-अलग किरदार निभाए थे।
उसके बाद वो फिल्मी चक्कर, घर जमाई, टॉप 10, साराभाई वर्सेस साराभाई और कॉमेडी सर्कस जैसे शो का हिस्सा रहे।

निधन की खबर सामने आने के बाद से ही सतीश शाह गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं। लोग उनके नाम को गूगल पर सर्च कर रहे हैं।

…………………..
ये खबर भी पढ़ें…
पंकज धीर के अंतिम संस्कार में इमोशनल हुए सलमान खान:बेटे निकितिन ने मुखाग्नि दी, सुबह अंतिम सांस ली थी; कैंसर से जूझ रहे थे

एक्टर पंकज धीर (68) को उनके बेटे निकितिन ने 15 अक्टूबर को पवन हंस क्रीमैटोरियम में मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के वक्त सलमान खान इमोशनल नजर आए। पूरी खबर यहां पढ़ें…