Delhi People Sore throat burning eyes Delhi air pollution AQI increases | पंजाब के कपूरथला में AQI लेवल 1000 पार: चक्रवात मोन्था के लिए ओडिशा-आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में हाई अलर्ट; उत्तराखंड की देवताल झील जमी

Actionpunjab
9 Min Read


नई दिल्ली3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

ठंड की दस्तक और बाद बढ़ते प्रदूषण से दिल्ली स्मॉग की चादर में ढक चुकी है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक लेवल पर पहुंच चुकी है। दिवाली की रात से ही दिल्ली एनसीआर की हवा जहरीली बनी हुई है।

रविवार सुबह आनंद विहार और वजीरपुर में लगातार दूसरे दिन AQI लेवल 400 से ज्यादा दर्ज हुआ। इधर पंजाब के कपूरथला में AQI लेवल 1000 से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। यह सबसे ज्यादा खतरनाक माना जाता है।

हिमालय से सटे राज्यों में अक्टूबर में हुई बर्फबारी के बाद से तापमान में गिरावट जारी है। उत्तराखंड के चमोली में भारत-चीन बॉर्डर के पास लगभग 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित देवताल झील पूरी तरह से जम गई है।

उधर, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आंध्रप्रदेश की तरफ बढ़ता जा रहा है। 27 अक्टूबर को यह चक्रवात में बदल सकता है। इसे मोन्था नाम दिया है, जो थाईलैंड ने दिया है। जिसका अर्थ है सुगंधित फूल या सुंदर फूल।

देशभर के मौसम से जुड़ी तस्वीरें…

उत्तराखंड: चमोली में जमी हुई देवताल झील। यहां तापमान 1°C और उससे नीचे चल रहा है।

उत्तराखंड: चमोली में जमी हुई देवताल झील। यहां तापमान 1°C और उससे नीचे चल रहा है।

मोन्था को लेकर ओडिशा में अलर्ट, प्रशासन बोला- पूरी तैयारी

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 26 अक्टूबर तक डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात मोन्था में बदल जाएगा। यह 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा के पास तट से टकरा सकता है।

तूफान के दौरान 90–100 kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

वहीं, चक्रवात मोन्था के खतरे को देखते हुए ओडिशा फायर विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। विभाग ने बताया कि 27 से 29 अक्टूबर के बीच तूफान के असर की आशंका है। सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने कहा है कि वे पूरी तरह तैयार हैं। सभी पावर बोट, OBM, पावर कटर और पोर्टेबल लाइट्स तैयार रखी हैं ताकि अंधेरे में भी राहत और बचाव किया जा सके।

बालासोर डीएम ने कहा कि चक्रवात के सदर इलाके में लैंडफॉल की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक यलो अलर्ट और 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सभी विभागों 24 घंटे एक्टिव हैं।

उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है, सूखी राशन सामग्री का इंतजाम किया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

तीन राज्य, जहां च्रकवात मोन्था का असर दिखेगा

  • आंध्र प्रदेश: 27 से 28 अक्टूबर तक यनम और रायलसीमा के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। तूफान से निपटने के लिए आज राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • ओडिशा: 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सबसे संवेदनशील जिलों में गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी शामिल हैं।
  • तमिलनाडु: राज्य में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। 26 से 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है।

दिल्ली में प्रदूषण से 42% लोगों को गले में खराश

लोकल सर्किल्स के सर्वे के मुताबिक, दिल्ली-NCR के 25% परिवारों का कोई न कोई सदस्य आंखों में जलन, सिरदर्द या नींद न आने की समस्या से जूझ रहे हैं। हर चार में से 3 परिवारों में कोई न कोई बीमार है। 42% घरों में किसी न किसी को गले में खराश या खांसी की शिकायत है।

हालांकि इस साल पंजाब-हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 77.5% की कमी आई है। इसके बावजूद दिल्ली की हवा में सुधार नहीं दिखा।

WHO के मुताबिक, पीएम 2.5 का लेवल 15 माइ‌क्रोग्राम प्रति घन मीटर से ज्यादा नहीं होना चाहिए, जबकि दिल्ली में यह मानक से करीब 24 गुना ज्यादा दर्ज हुआ।

एक्सपर्ट बोले- हालात बिगड़ेंगे, सावधानी रखें

फिलहाल हवा में सुधार के कोई संकेत नहीं हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। हवा की गुणवत्ता में हल्का सुधार तभी होगा जब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलें या बारिश हो। हालांकि, एक्सपर्ट और डॉक्टर्स ने सलाह दी है कि बच्चे, बुजुर्ग, बीमार घर में रहें। सुबह की सैर, खुले में व्यायाम से बचें। मास्क लगाएं और विटामिन सी और पानी ज्यादा पिएं।

देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

केरल: आदिमाली में बारिश से लैंडस्लाइड, 1 की मौत

शुक्रवार देर रात केरल के इडुक्की जिले में आदिमाली के पास हुए भूस्खलन में दो घर दब गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदिमाली के लक्षम वीडू निवासी बीजू के रूप में हुई है। स्थानीय निवासियों, पुलिस और बचाव कर्मियों ने 6 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनकी पत्नी संध्या को बचा लिया।

आदिमाली के पास नेशनल हाईवे पर रात लगभग 10 बजे भूस्खलन हुआ, जिससे रिहायशी इलाकों में भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा गिर गया। जब भूस्खलन हुआ, तब बीजू और संध्या अपने घर पर प्रमाण पत्र और अन्य सामान लेने गए थे। 22 परिवारों को सुरक्षित जगह पर भेजा गया है।

आईएमडी ने अगले तीन दिनों, यानी 26 से 28 अक्टूबर तक केरल में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मध्य प्रदेश: 4 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, भोपाल में रात से हो रही बारिश

डिप्रेशन (अवदाब) के एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। रविवार से सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। धार, बड़वानी, झाबुआ और अलीराजपुर में अगले 2 दिन तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, प्रदेश के 24 जिलों में भी मौसम बदला रहेगा। इंदौर और उज्जैन में बूंदाबांदी होने का अनुमान है। भोपाल में शनिवार रात से ही बारिश हो रही है। पूरी खबर पढ़ें…

राजस्थान: 9 जिलों में बारिश का अलर्ट, सीकर सबसे ठंडा रहा

अरब सागर में बने डिप्रेशन सिस्टम के कारण राजस्थान में कल से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना है।

इन इलाकों में तेज हवा चलने और बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों ने किसानों और कृषि उपज मंडियों के प्रशासन को खुले में रखी फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है। पूरी खबर पढ़ें…

उत्तर प्रदेश: नोएडा, गाजियाबाद और बागपत में AQI रेड जोन में पहुंचा

यूपी में दिवाली के बाद फिर से हवा जहरीली हुई है। पूरे एनसीआर में यही स्थिति है। जहां यूपी के नोएडा, गाजियाबाद और बागपत का AQI रेड जोन में पहुंच गया है। इसका असर अब हवा में दिख रहा है। प्रदेश में 3 शहरों की हवा ‘रेड जोन’ में पहुंच गई है, यानी अब हवा सांस लेने लायक नहीं रह गई है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *