राकेश पचौरी | मथुरा4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मथुरा की बलदेव पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 17 किलो 872 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थाना बलदेव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा लेकर जुगसना रोड की ओर आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और शहीद गौरीशंकर गेट से करीब 100 मीटर की दूरी पर संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया। तलाशी लेने पर थैले से गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरेन्द्र पुत्र गुलाब सिंह (35 वर्ष), निवासी नगला भरऊ, थाना राया, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। पूछताछ में हरेन्द्र ने बताया कि वह मथुरा के अलग-अलग इलाकों में गांजे की सप्लाई करता था।
थाना प्रभारी बलदेव ने बताया कि हरेन्द्र के खिलाफ पहले भी थाना राया में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सोर्स की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, और इस तरह के अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।