अंकित श्रीवास्तव | जौनपुर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मड़ियाहूं तहसील के बरसठी थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। गहलाई गांव के पास चलती अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई, जिससे कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। हालांकि, कार में सवार पांच लोग, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे, बाल-बाल बच गए।
ये सभी यात्री मड़ियाहूं के चोरारी गांव के निवासी थे। वे मीरगंज थाना क्षेत्र के भीदुना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।
कार के ड्राइवर उपेंद्र सरोज ने बताया कि गहलाई गांव के पास पहुंचने पर उन्होंने इंजन से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तुरंत गाड़ी रोक दी और सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बोनट खोलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बोनट गिरने से आग और तेज हो गई।
कुछ ही पलों में पूरी अर्टिगा कार धू-धू कर जल गई और राख में बदल गई। ड्राइवर ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद ड्राइवर सभी यात्रियों को चोरारी गांव छोड़कर अपने घर किशुनपुर चले गए।
सूचना मिलने पर बरसठी थाना प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने जले हुए वाहन के अवशेषों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की पुष्टि की गई है।
