मोहम्मद साजिद अंसारी | धौरेरा (नबावगंज), बरेली2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मृतक नसरीन की फाइल फोटो।
बरेली के नवाबगंज में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला नसरीन की मौत हो गई। वह अपने भांजे के साथ बरेली दवा लेने जा रही थीं। इस दुर्घटना में उनका भांजा हसीन भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, भानपुर निवासी नसरीन अपने भांजे हसीन के साथ स्कूटी से बरेली दवा लेने जा रही थीं। जैसे ही वे हरदुआ हाईवे के समीप पहुँचीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर का अगला हिस्सा नसरीन के पैर पर चढ़ गया, जिससे उनका पैर बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत बरेली के अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान नसरीन ने दम तोड़ दिया। हसीन का उपचार अभी भी जारी है।
मृतका नसरीन के पति वकील अहमद कोलकाता में सिलाई का काम करते हैं। नसरीन अपने चार बच्चों के साथ रिछौला किफायतुल्ला में किराए के मकान में रहती थीं। उनके परिवार में दो बेटे—शाहिद (17) व माहिर (6) तथा दो बेटियां हैं।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।