1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनकी सरकार अमेरिका पर व्यापार पर निर्भरता घटाना चाहती है। इसी कोशिश के तहत अमेरिका, भारत के साथ रिश्ते बेहतर कर रही है।
दक्षिण कोरिया के ग्योंगजू में पत्रकारों से बात करते हुए कार्नी ने कहा कि उनकी सरकार का ध्यान घरेलू विकास और विदेशों में नई पार्टनरशिप कायम करने पर है। भारत के साथ बढ़ते सहयोग में इसका असर अब साफ दिख रहा है।
कार्नी ने कहा कि उनकी अभी उनकी पीएम मोदी से मुलाकात नहीं हुई है लेकिन उनके मंत्रियों ने भारतीय नेताओं से मुलाकात की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन में शामिल नहीं हुए, लेकिन कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद और दूसरे मंत्रियों ने भारतीय नेताओं से मुलाकात की।इस मुलाकात के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बयान जारी कर कहा, “हम अगले 10 साल में गैर-अमेरिकी निर्यात को दोगुना करने के लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। इसके लिए कनाडा हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों, खासकर भारत के साथ मिलकर नए अवसर खोज रहा है।”
मार्च 2025 में प्रधानमंत्री बनने के बाद कार्नी ने भारत के साथ रिश्तों को सुधारने की कोशिशें शुरू की हैं।
दोनों देशों के रिश्ते सितंबर 2023 में बिगड़ गए थे, जब उस समय के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने संसद में आरोप लगाया था कि भारत के एजेंट खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल हो सकते हैं।
भारत ने इन आरोपों को बेतुका और झूठा बताया था। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था।
रिश्तों में सुधार की दिशा में बदलाव तब आया जब कार्नी ने इस साल जून में G7 समिट के दौरान मोदी से मुलाकात की। इस बैठक के बाद दोनों देशों ने अपने-अपने हाई कमिश्नर दोबारा तैनात किए।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
रूस ने परमाणु ड्रोन से लैस पनडुब्बी खाबरोवस्क लॉन्च की, पुतिन ने 12 दिन में 3 खतरनाक हथियार पेश किए

रूस ने शनिवार को अपनी नई परमाणु पनडुब्बी ‘खाबरोवस्क’ को पानी में उतारा है। यह पनडुब्बी ‘पोसेइडॉन’ परमाणु ड्रोन से लैस है, जिसे कई विशेषज्ञ “डूम्सडे मिसाइल” यानी परमाणु हमले के दौरान इस्तेमाल किया जाने वाला हथियार कह रहे हैं क्योंकि यह समुद्र के नीचे से ही बड़े पैमाने पर तबाही मचा सकती है।
खाबरोवस्क को लेकर रूसी रक्षा मंत्री ने कहा कि यह रूस के लिए एक अहम दिन है और इस नई पनडुब्बी से देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा और वैश्विक स्तर पर ताकत और बढ़ेगी।
रूस की समाचार एजेंसी ‘तास’ के मुताबिक, यह पनडुब्बी पानी के नीचे चलने वाले रोबोटिक हथियारों और आधुनिक टॉरपीडो सिस्टम से लैस है। इसे रूस के ‘रुबिन डिजाइन ब्यूरो’ ने तैयार किया है।
खाबरोवस्क का जिक्र पहली बार 2015 में हुआ था जब कुछ सैटेलाइट इमेज में इसे देखा गया। पिछले 10 साल से यह सीक्रेट प्रोजेक्ट के तौर पर सेवमाश शिपयार्ड में बनती रही। अब जाकर इसे सार्वजनिक तौर पर दिखाया गया है।
रूस पिछले 10 दिन में 3 बड़े हथियार लॉन्च कर चुका है। रूस ने 4 दिन पहले एक नए परमाणु हथियार पोसाइडन टॉरपीडो का कामयाब टेस्ट किया था।
इससे पहले रूस ने 21 अक्टूबर को दुनिया की पहली न्यूक्लियर पावर्ड यानी परमाणु ऊर्जा से चलने वाली क्रूज मिसाइल बुरेवस्तनिक का सफल परीक्षण किया था। तब दावा किया गया था कि इस मिसाइल की रेंज अनलिमिटेड है।
मेक्सिको के सोनारा में सुपरमार्केट में धमाका; बच्चों समेत 23 लोगों की मौत, 11 घायल

मेक्सिको के सोनारा राज्य के हर्मोसिलो शहर में शनिवार को वाल्डोस सुपरमार्केट में भीषण विस्फोट हुआ। इस हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई बच्चे शामिल हैं। 11 लोग घायल हैं, जिनका इलाज हर्मोसिलो के अस्पतालों में चल रहा है।
विस्फोट स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ। आसपास के दुकानदारों ने आग फैलने के डर से तुरंत अपनी दुकानें बंद कर दीं। राज्य के गवर्नर अल्फोंसो दुराजो ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा,
मैंने जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह साफ हो सके कि धमाका कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी हमले या किसी हिंसक घटना की आशंका से इनकार किया है। यह हादसा उस समय हुआ जब देशभर में ‘डे ऑफ द डेड’ त्योहार के मौके पर लोग अपने दिवंगत परिजनों को याद कर रहे थे।
देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि वे राज्य सरकार के संपर्क में हैं ताकि घायलों और पीड़ित परिवारों को हर जरूरी सहायता दी जा सके।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने कहा कि जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा।
ट्रम्प बोले- नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्याएं नहीं रुकीं तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई करेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नाइजीरिया को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्या और हमले बंद नहीं हुए, तो अमेरिका तुरंत नाइजीरियाई सरकार को दी जाने वाली सभी आर्थिक और सैन्य सहायता रोक देगा।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका “गन के साथ” नाइजीरिया में कार्रवाई करेगा और उन आतंकियों को खत्म करेगा जो ईसाइयों पर हमला कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने अपने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर को संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी के आदेश दे दिए हैं।
ट्रम्प ने लिखा—
“अगर हम हमला करेंगे, तो वह तेज, खतरनाक और साफ होगा। नाइजीरियाई सरकार तुरंत कदम उठाए। देर मत करो!”
ट्रम्प की पोस्ट के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी X पर बयान जारी किया। उन्होंने लिखा,
“नाइजीरिया में निर्दोष ईसाइयों की हत्या तुरंत बंद होनी चाहिए। डिपार्टमेंट ऑफ वॉर कार्रवाई की तैयारी कर चुका है। या तो नाइजीरिया ईसाइयों की रक्षा करे, या हम उन इस्लामी आतंकियों को खत्म कर देंगे जो ये अत्याचार कर रहे हैं।”
लंदन जा रही ट्रेन में चाकूबाजी, 10 घायल; 9 की हालत नाजुक, 2 गिरफ्तार

ब्रिटेन में डॉनकास्टर से लंदन किंग्स क्रॉस जा रही ट्रेन में शनिवार शाम चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें 10 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 9 की हालत नाजुक बताई जा रही है।
ट्रेन जब हंटिंगडन स्टेशन पर पहुंची, तब आपातकालीन सेवाएं, सशस्त्र पुलिस और एयर एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। कुछ ही देर में हमलावरों को काबू में कर लिया गया।
ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस, जो रेलवे सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती है, ने बताया कि कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया। हालांकि हमले की वजह या हमलावरों के मकसद के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
स्थानीय पुलिस ने दो संदिग्धों को मौके से गिरफ्तार किया है। हंटिंगडन लंदन से करीब 120 किलोमीटर दूर है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना को “भयानक” बताया और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
घटना के बाद लंदन नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इस रूट पर फिलहाल यात्रा से बचें, क्योंकि ट्रेनों की आवाजाही में भारी देरी और बाधा आ रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हमला किसी आतंकी साजिश से जुड़ा है या नहीं।
ट्रम्प प्रशासन हिरासत में लिए गए प्रवासियों का DNA सैंपल भी लेगा; प्राइवेसी के अधिकार पर विवाद शुरू

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन ने प्रवासियों से बड़े पैमाने पर बायोमैट्रिक डेटा इकट्ठा करने की नीति को मंजूरी दी है।
अब सिर्फ फिंगरप्रिंट ही नहीं, बल्कि DNA, आंखों की स्कैनिंग, चेहरे की पहचान और आवाज के नमूने जैसे बायोमैट्रिक डेटा भी लिए जाएंगे। इस कदम ने निजता और नागरिक अधिकारों को लेकर नए विवाद खड़े कर दिए हैं।
अब तक केवल सीमित मामलों में वयस्कों से फिंगरप्रिंट लिए जाते थे। नए नियम के तहत हर उम्र के व्यक्ति का बायोमैट्रिक डेटा लिया जा सकता है, अगर वह इमिग्रेशन से जुड़ा कोई दस्तावेज जमा करता है या हिरासत में लिया जाता है। इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा पकड़े गए गैर-अमेरिकियों से भी DNA लिया जा सकेगा।
अमेरिकी रक्षा मंत्री बोले- चीन से रिश्ते पहले से बेहतर, बातचीत बढ़ाने पर सहमति जताई

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि चीन के साथ अमेरिका के संबंध अब पहले से बेहतर हैं। मलेशिया में चीन के रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जुन से मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने आपसी बातचीत बढ़ाने और रक्षा संबंधों में स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताई है।
हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
अमेरिका और चीन के रिश्ते पहले से कहीं मजबूत हैं। साउथ कोरिया में ट्रम्प और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की ऐतिहासिक बैठक’ के बाद मेरी भी एडमिरल डोंग जुन से बहुत सकारात्मक और उपयोगी बातचीत हुई।

अमेरिकी मंत्री के अनुसार, दोनों देशों का मानना है कि शांति, स्थिरता और अच्छे संबंध ही आगे का रास्ता हैं। उन्होंने कहा कि ट्रम्प की ऐतिहासिक बैठक ने लंबे समय तक साझेदारी और शांति की मजबूत नींव रखी है।
हेगसेथ ने यह भी बताया कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के लिए मिलिट्री-टू-मिलिट्री कम्युनिकेशन चैनल बनाने पर सहमति हो गई है, ताकि किसी भी विवाद या गलतफहमी को तुरंत दूर किया जा सके।
ट्रम्प से मिलने व्हाइट हाउस पहुंचेंगे सीरियाई राष्ट्रपति अल-शरा; 10 नवंबर को मुलाकात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 10 नवंबर को व्हाइट हाउस में सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की मेजबानी करेंगे। यह पहली बार होगा जब किसी सीरियाई राष्ट्रपति की व्हाइट हाउस यात्रा होगी।
Axios की रिपोर्ट के मुताबिक यह बैठक औपचारिक घोषणा से पहले ही तय हो चुकी थी।
ट्रम्प और अल-शरा की पिछली मुलाकात मई में सऊदी अरब में हुई थी, जो 25 साल बाद दोनों देशों के नेताओं का आमना-सामना था। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के बाद यह बैठक सीरिया के लिए कूटनीतिक स्तर पर बड़ा बदलाव मानी जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अतीत में अल-शरा पर चरमपंथी संगठनों से जुड़े होने के आरोप लगे थे। कहा जाता है कि वे इराक में अमेरिकी सेना के खिलाफ संघर्ष में शामिल रहे और कुछ समय के लिए हिरासत में भी रहे थे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान अल-शरा अमेरिका-नेतृत्व वाले ISIS विरोधी गठबंधन में शामिल होने के समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।
यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ट्रम्प प्रशासन मध्य पूर्व में शांति प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है। इस्राइल–हमास के बीच हालिया युद्धविराम और बंधक समझौते को अमेरिकी नीति का सकारात्मक कदम माना जा रहा है, हालांकि गाजा में ताज़ा झड़पों ने हालात को फिर चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
मिस्र में दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम खुला:3000 साल पुरानी तूतनखामेन की कब्र रखी गई; खोजने वाले 5 लोग रहस्यमयी मौत मरे

मिस्र में गीजा के पिरामिडों के पास दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम ग्रैंड इजिप्शियन शनिवार को आम जनता के लिए खोल दिया है।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सीसी के साथ दुनिया के कई देशों के नेता उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इसे बनाने में करीब 1 अरब डॉलर से ज्यादा की लागत आई है।
ग्रैंड इजिप्शियन म्यूजियम (GEM) की सबसे बड़ी खासियत बॉय किंग तूतनखामेन की कब्र है। 1922 में ब्रिटिश पुरातत्वविद हावर्ड कार्टर ने यह कब्र खोजी थी। इसमें 5500 से अधिक वस्तुएं मिली थीं। अब पहली बार यह सब एक ही स्थान पर आम दर्शकों के लिए रखी जा रही हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्या से ट्रम्प नाराज:हमले की धमकी दी; 8 महीने में 7000 से ज्यादा ईसाई मारे गए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने नाइजीरिया को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर नाइजीरिया में ईसाइयों की हत्या और हमले बंद नहीं हुए, तो अमेरिका तुरंत नाइजीरियाई सरकार को दी जाने वाली सभी आर्थिक और सैन्य सहायता रोक देगा।
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका ‘गन के साथ’ नाइजीरिया में कार्रवाई करेगा और उन आतंकियों को खत्म करेगा जो ईसाइयों पर हमला कर रहे हैं। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने अपने डिपार्टमेंट ऑफ वॉर को संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी के आदेश दे दिए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
—————————–
1 अक्टूबर के वर्ल्ड अपडेट्स यहां पढ़ें….