वॉशिंगटन डीसी7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भारतीय मूल के डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क मेयर का चुनाव जीत लिया है। उन्हें 50.4% वोट मिले। वे मानसून वेडिंग और सलाम बॉम्बे जैसी फिल्में डायरेक्ट करने वाली मीरा नायर के बेटे हैं।
ममदानी पिछले 100 सालों में न्यूयॉर्क के सबसे युवा, पहले भारतवंशी और पहले मुस्लिम मेयर होंगे। अपनी विक्ट्री स्पीच में उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के 15 अगस्त, 1947 की आधी रात को दिए गए ‘ट्रिस्ट विद डेस्टिनी’ का जिक्र किया।
भाषण के बाद वे अपनी पत्नी के साथ ‘धूम मचा ले’ गाने पर झूमते नजर आए। मां मीरा नायर ने मंच पर आकर उन्हें गले लगा लिया। पिता महमूद ममदानी भी मौजूद रहे।
नीचे देखिए नतीजे और जीत का जश्न


न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जीत के ममदानी ने ब्रुकलिन पैरामाउंट थिएटर में समर्थकों को संबोधित किया।

ममदानी ने अपनी जीत को न्यूयॉर्क के हर नागरिक की जीत बताया।

जोहरान ममदानी ने मेयर चुनाव जीतने के बाद मां मीरा नायर को गले लगा लिया।

ममदानी पत्नी रामा दुवाजी के साथ भाषण देने पहुंचे।

विजयी भाषण के बाद ममदानी और उनकी पत्नी रामा एक दूसरे की तरफ देखकर मुस्कुराते हुए नजर आए।

ममदानी का भाषण खत्म होते ही सेलिब्रेशन के लिए पत्नी रामा, पिता महमूद ममदानी और मां मीरा नायर भी मंच पर पहुंच गईं।
जोहरान ममदानी के बारे में विस्तार से जानने के लिए यह खबर भी पढ़ें…
ममदानी के सामने 3 बड़ी चुनौतियां
1. अपने वादे पूरे करना ममदानी ने वादा किया है कि वे न्यूयॉर्क में सभी बच्चों के लिए फ्री केयर शुरू करेंगे, सब्सिडी वाले घरों का किराया फ्रीज करेंगे, पब्लिक बसों में मुफ्त यात्रा देंगे और सिटी की अपनी किराने की दुकानें खोलेंगे।
उनका कहना है कि इसके लिए अमीरों और बड़ी कंपनियों पर नए टैक्स लगाकर 9 अरब डॉलर जुटाए जाएंगे। लेकिन अर्थशास्त्रियों का मानना है कि इन वादों को पूरा करना बहुत मुश्किल है।
2. ट्रम्प का सामना
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि वे न्यूयॉर्क की फेडरल फंडिंग रोक सकते हैं। अगर वे ऐसा कदम उठाते हैं तो ममदानी की परेशानी बढ़ सकती है।
3. डेमोक्रेटिक पार्टी में तालमेल बनाना
ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के वामपंथी धड़े से आते हैं। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी के मध्यम मार्गी धड़े को खुश करना उनके लिए मुश्किल हो सकता है।
कुल मिलाकर, ममदानी के लिए असली परीक्षा अब शुरू हुई है। अपने वादों को सच करना, विरोधियों के हमले झेलना और अपनी ही पार्टी में भरोसा बनाना।

जोहरान ममदानी की जीत के बाद जश्न मनाते हुए उनके समर्थक।
जोहरान ममदानी की जीत की 4 बड़ी वजह
1. महंगाई का मुद्दा
ममदानी ने पूरे कैंपेन में सिर्फ एक बात पर फोकस किया कि न्यूयॉर्क बहुत महंगा हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम है लोगों की जिंदगी आसान बनाना। उनके रैलियों में लगे बैनर पर नारे लिखे थे कि एक शहर जो हम अफोर्ड कर सकें और सस्ता घर बनाओ।
2. जनता से सीधा जुड़ाव
राजनीति में ज्यादातर वक्त बातें घुमा-फिराकर कही जाती हैं, लेकिन ममदानी ने बिल्कुल साफ बात की। उन्होंने खुलकर कहा कि अमीरों पर टैक्स लगाओ, बच्चों की देखभाल बढ़ाओ और घर को हक बनाओ।
3. इंटरनेट का सही इस्तेमाल
ममदानी को पार्टी के बड़े नेताओं का सपोर्ट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने जनता और इंटरनेट का सहारा लिया। उन्होंने स्कैवेंजर हंट, फुटबॉल टूर्नामेंट और LGBTQ बार में देर रात पॉप-अप इवेंट किए। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, उन्होंने सभी पुराने नियम तोड़ दिए और सीधे लोगों से रिश्ता बनाया।
4. युवा कार्यकर्ताओं पर फोकस
ममदानी ने स्वयंसेवकों की संख्या में इजाफा किया। उनकी प्रचार टीम में शामिल युवा उनसे भी कम उम्र के हैं। ज्यादातर को इतने बड़े पैमाने पर काम करने का बहुत कम अनुभव था। लेकिन वे सामान्य सलाहकारों और रणनीतिकारों की तुलना में अधिक सक्षम और प्रभावी साबित हुए।


न्यूयॉर्क मेयर और अमेरिकी राज्यों के गवर्नर चुनाव से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
05:12 PM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- उनकी पार्टी शटडाउन की वजह से न्यूयॉर्क का चुनाव हारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि रिपब्लिकन पार्टी मंगलवार को हुए चुनावों में इसलिए हारी क्योंकि वो खुद बैलेट (मतपत्र) पर नहीं थे और सरकारी शटडाउन चल रहा था।
यह चुनाव राष्ट्रपति ट्रम्प के जनवरी में दोबारा व्हाइट हाउस लौटने के बाद का पहला बड़ा चुनाव था, जिसमें डेमोक्रेटिक पार्टी ने शानदार जीत दर्ज की।
ट्रम्प ने एक और पोस्ट में वोटर सुधार की मांग करते हुए लिखा कि रिपब्लिकन, फिलिबस्टर खत्म करो! वोटर रिफॉर्म पास करो, वोटर आईडी जरूरी बनाओ, मेल-इन बैलेट बंद करो।
ट्रम्प ने स्वीकार किया कि नतीजे रिपब्लिकन के लिए अच्छे नहीं रहे। उन्होंने कहा कि यह उम्मीद नहीं थी कि हम जीतेंगे, लेकिन परिणाम हमारे लिए अच्छे नहीं थे। हमें इससे सीख लेनी होगी।
10:49 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी के पास न खुद का घर, न ही अपनी कार
फोर्ब्स के मुताबिक, जोहरान ममदानी की कुल संपत्ति लगभग 200,000 डॉलर (करीब ₹1.71 करोड़) है। ममदानी ने 2020 में न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली का चुनाव जीता था। तब उन्हें सालाना 142,000 डॉलर की सैलरी मिलती थी।
वे फिलहाल न्यूयॉर्क के एस्टोरिया इलाके में किराए के घर में रहते हैं। उसका किराया 2,250 डॉलर प्रति माह है। उनके पास खुद की कार भी नहीं है। वे रोजाना सबवे (मेट्रो ट्रेन) से सफर करते हैं।
ममदानी के पास युगांडा के जिन्जा इलाके में करीब चार एकड़ जमीन है। इसकी कीमत 150,000 डॉलर से 250,000 डॉलर (₹1.2 से ₹2 करोड़) के बीच है।
मेयर बनने के बाद उनकी सालाना सैलरी 260,000 डॉलर (करीब ₹2.2 करोड़) हो जाएगी। अब वे ग्रेसी मेंशन, यानी मेयर के सरकारी घर में रहेंगे, जिससे उनका किराया भी बचेगा।
09:31 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी की जीत पर अमेरिकी मीडिया का रिएक्शन
ममदानी की जीत को लेकर अमेरिकी मीडिया में अलग-अलग तरह के रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। अंग्रेजी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने ममदानी की चुनाव यात्रा को एक असंभव लगने वाली दौड़ बताया है।
वहीं न्यूयॉर्क पोस्ट ने ममदानी को कम्युनिस्ट बताते हुए द रेड एपल कहा है।

08:57 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
अगले साल 14 अमेरिकी राज्यों में महिला गवर्नर होंगी
वर्जीनिया में स्पैनबर्गर और न्यू जर्सी में मिक्की शेरिल यानी दो डेमोक्रेटिक महिला उम्मीदवारों की जीत के बाद अमेरिका में एक नया इतिहास बन गया है। अब अगले साल 50 में से 14 अमेरिकी राज्यों की कमान महिलाओं के हाथ में होगी। यह देश का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
फिलहाल 12 राज्यों में महिला गवर्नर हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता और पूर्व राष्ट्रपति उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने भी इस ऐतिहासिक पल पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि “डेमोक्रेटिक महिलाओं ने आज इतिहास रच दिया।”
क्लिंटन ने लिखा— “एबिगेल स्पैनबर्गर वर्जीनिया की पहली महिला गवर्नर बनेंगी और मिक्की शेरिल न्यू जर्सी की पहली डेमोक्रेटिक महिला गवर्नर। मुझे भरोसा है कि ये मजबूत और समर्पित नेता अपने-अपने राज्यों के लिए शानदार काम करेंगी।”
08:51 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
भारतीय मूल की गजाला हाशमी वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर होंगी
भारतीय मूल की डेमोक्रेट नेता गजाला हाशमी ने वर्जीनिया की लेफ्टिनेंट गवर्नर का चुनाव जीत लिया है। इसके साथ ही वे अमेरिकी इतिहास में पहली मुस्लिम महिला बन गई हैं जिन्हें किसी राज्य में इतना बड़ा पद मिला है। हाशमी ने रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन रीड को हराया।

08:50 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
वर्जीनिया में ट्रम्प की पार्टी हारी, पहली बार महिला गवर्नर बनीं
अमेरिकी राज्य वर्जीनिया में डेमोक्रेट उम्मीदवार अबीगेल स्पैनबर्गर ने गवर्नर चुनाव जीत लिया है। वह राज्य की पहली महिला गवर्नर बनी हैं। उनका मुकाबला रिपब्लिकन नेता विंसम अर्ल-सीयर्स से था।
स्पैनबर्गर की जीत की पुष्टि मंगलवार रात मतदान खत्म होने के बाद हुई। वोटों की गिनती में शुरू से ही वे आगे रहीं। उन्हें 56.9% यानी 18 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं।

स्पैनबर्गर पूर्व CIA अधिकारी और तीन बार की कांग्रेस सदस्य हैं।
स्पैनबर्गर अगले साल जनवरी में पद संभालेंगी और वर्जीनिया की पहली महिला गवर्नर बनेंगी। अब तक 74 पुरुष इस पद पर रह चुके हैं।
स्पैनबर्गर का प्रचार पूरी तरह ट्रम्प विरोधी रहा। उन्होंने वादा किया कि वर्जीनिया को ट्रम्प प्रशासन की नीतियों से होने वाले नुकसान से बचाया जाएगा। उन्होंने कहा था,
मैं वाशिंगटन से आने वाली अव्यवस्था के बीच वर्जीनिया के लिए मजबूती से खड़ी रहूंगी।

उनकी विरोधी सीयर्स ने खुद को ट्रम्प समर्थक दिखाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें ज्यादा फंडिंग या समर्थन नहीं मिला। चुनाव के अंतिम दिनों में ट्रम्प ने सिर्फ मामूली समर्थन दिया।
08:27 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
न्यूयॉर्क में 1969 के बाद पहली बार किसी को 10 लाख वोट मिले
CBS News के मुताबिक, 91% वोट गिने जाने तक ममदानी को 50.4% वोट मिले। उनके बाद दूसरे नंबर पर निर्दलीय उम्मीदवार कुओमो को 41.6%, जबकि रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा को 7% वोट मिले।
ममदानी को 10 लाख से ज्यादा वोट मिले, जो 1969 के बाद किसी भी न्यूयॉर्क मेयर उम्मीदवार को नहीं मिले थे।
इस चुनाव में 2 मिलियन (20 लाख से ज्यादा) लोगों ने वोट डाला, जो पिछले चुनाव की तुलना में लगभग दोगुना है।
08:02 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी के भाषण के बाद ट्रम्प ने रिएक्शन दिया
जोहरान ममदानी के विजय भाषण के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर रिएक्शन दिया। उन्होंने लिखा-…और अब यह शुरू होता है।
यह पोस्ट उस वक्त आई जब ममदानी ने अपने भाषण में सीधे ट्रम्प का नाम लेते हुए उन्हें निशाना बनाया था। ममदानी ने अपने मेयर चुनाव की जीत को ट्रम्प के खिलाफ जनादेश की तरह पेश किया।
अपने भाषण में ममदानी ने कहा, “अगर कोई एक शहर उस देश को दिखा सकता है जिसे डोनाल्ड ट्रम्प ने धोखा दिया है कि उसे कैसे हराया जाए, तो वह वही शहर है जिसने ट्रम्प को पैदा किया-न्यूयॉर्क।”
उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ ट्रम्प को रोकने का तरीका नहीं है, बल्कि अगले शख्स को रोकने का भी तरीका है।
07:44 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
लंदन के मेयर सादिक खान ने ममदानी को जीत पर बधाई दी
लंदन के मेयर सादिक खान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर ममदानी को न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जीत की शुभकामनाएं दीं।
सादिक खान ने लिखा कि न्यूयॉर्क के लोगों के सामने दो विकल्प थे, उम्मीद और डर, और उन्होंने उम्मीद को चुना। उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक अभियान बताया और ममदानी की जीत पर खुशी जताई।
सादिक खान 2016 में लंदन के पहले मुस्लिम और पहले अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले मेयर बने थे।
07:29 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी के 4 बड़े चुनावी वादे
1. घरों का किराया फ्रीज करना, ताकि किराएदारों पर महंगाई का बोझ न बढ़े।
2. सभी के लिए फ्री बस सर्विस, कामकाजी तबका और छात्रों को राहत मिले।
3. सरकारी किराना दुकानें खोलना, ताकि जरूरी चीजें किफायती दामों पर मिलें।
4. बच्चों के लिए मुफ्त डे-केयर सुविधा, जिससे कामकाजी परिवारों को राहत मिले।
07:02 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
भारतीय मूल के आफताब पुरेवाल दूसरी बार सिंसिनाटी मेयर बने
भारतीय मूल के आफताब पुरेवाल ने एक बार फिर इतिहास रचा है। वे अमेरिका के ओहायो राज्य के शहर सिंसिनाटी के मेयर चुनाव में दोबारा जीत गए हैं। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार कोरी बॉमन को हराया, जो अमेरिका की उपराष्ट्रपति जेडी वांस के सौतेले भाई हैं।
43 वर्षीय पुरेवाल 2021 में पहली बार मेयर बने थे और शहर के इतिहास में पहले एशियन-अमेरिकन मेयर बने थे। हालांकि मेयर का पद गैर-दलीय होता है, लेकिन पुरेवाल डेमोक्रेटिक पार्टी के करीबी माने जाते हैं।

आफताब को इस साल मई में हुए प्राइमरी चुनावों में भी जबरदस्त समर्थन मिला था, जहां उन्होंने 80% से ज्यादा वोट हासिल किए थे।
06:53 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
जीतने के बाद ‘धूम मचाले’ पर झूमे जोहरान ममदानी
न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीतने के बाद ममदानी का जश्न बॉलीवुड अंदाज में देखने को मिला। उनकी जीत के कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्म धूम का मशहूर गाना ‘धूम मचाले’ बजाया गया।
ममदानी का भाषण खत्म होते ही यह गाना बैकग्राउंड में बजने लगा। स्टेज पर जोहरान के साथ उनकी पत्नी रमा दुबाज्जी और मां मीरा नायर भी मौजूद थीं। गाने के दौरान ममदानी काफी खुश नजर आए और समर्थकों ने भी जमकर तालियां और शोर के साथ उनका स्वागत किया।
06:47 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
कैलिफोर्निया में संसदीय सीटों का नया नक्शे का प्रस्ताव पास
कैलिफोर्निया के मतदाताओं ने प्रोपजिशन 50 प्रस्ताव मंजूर कर लिया है। इसके तहत राज्य की संसदीय सीमाओं को डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में दोबारा बनाया जाएगा।
यह फैसला अमेरिका में ‘सीटों की सीमाएं बदलने’ की चल रही लड़ाई को और आगे बढ़ाएगा। इसी के मुताबिक तय होगा कि अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (संसद का निचला सदन) में किस पार्टी का पलड़ा भारी रहेगा।
प्रोपजिशन 50 कैलिफोर्निया एक वोट-माप प्रस्ताव है, जिसका मकसद राज्य के यू.एस. हाउस की संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों को अस्थायी रूप से बदलना है। अब इसके पास होने के बाद डेमोक्रेट्स को 5 सीटें ज्यादा जीतने का मौका मिल सकता है।
06:30 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी ने भाषण में पंडित नेहरू का जिक्र किया
अपनी जीत के बाद दिए गए भाषण में जोहरान ममदानी ने जवाहरलाल नेहरू के शब्दों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मैं जवाहरलाल नेहरू के शब्द याद करता हूं;
इतिहास में बहुत कम ऐसे पल आते हैं, जब हम पुराने से निकलकर नए की तरफ बढ़ते हैं। जब एक दौर खत्म होता है और राष्ट्र की आत्मा अपनी आवाज़ पाती है। आज रात हम पुराने से नए की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

ममदानी ने अपनी जीत को न्यूयॉर्क के लिए बदलाव की नई शुरुआत बताया।
06:14 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
बिल और हिलेरी क्लिंटन ने ममदानी को बधाई दी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क का मेयर चुने जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा, “जोहरान ममदानी, न्यूयॉर्क का मेयर बनने पर आपको बधाई। उम्मीद है कि आप अपने अभियान के जोश और जुनून को एक बेहतर, न्यायपूर्ण और सबके लिए सुलभ न्यूयॉर्क बनाने में लगाएंगे।”
बिल क्लिंटन की पत्नी और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी सोशल मीडिया पर ममदानी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “इस साल न्यूयॉर्क सिटी में पिछले 50 वर्षों की तुलना में ज्यादा लोगों ने वोट डाला। यह लोकतंत्र की जीत है और जोहरान ममदानी के प्रेरणादायक अभियान का सबूत भी है। दुनिया के सबसे महान शहर के अगले मेयर को बधाई!”
06:02 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
बर्नी सैंडर्स ने ममदानी की जीत की तारीफ की
वरमॉन्ट राज्य के सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने ममदानी की जीत की तारीफ की। सैंडर्स, जोहरान ममदानी का समर्थन करने वाले शुरुआती नेताओं में से हैं। उन्होंने X पर लिखा, “सिर्फ 1% समर्थन से शुरुआत करके ममदानी ने आधुनिक अमेरिकी राजनीति की सबसे बड़ी जीतों में से एक हासिल की है।”
उन्होंने आगे कहा,“हां, हम ऐसी सरकार बना सकते हैं जो अमीर 1% लोगों के लिए नहीं, बल्कि आम मेहनतकश लोगों के लिए काम करे। मैं ममदानी के साथ मिलकर ऐसा न्यूयॉर्क बनाने को तैयार हूं जो हर व्यक्ति के लिए काम करे।”
सैंडर्स डेमोक्रेटिक पार्टी में सोशलिस्ट धड़े के नेता हैं। उन्होंने 2016 में राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने के लिए चुनाव लड़ा था लेकिन वे हिलेरी क्लिंटन से हार गए थे। इसके बाद वे 2020 में भी चुनाव लड़े, लेकिन इस बार उन्हें बाइडेन ने हरा दिया।

तस्वीर में बर्नी सैंडर्स और ममदानी एक साथ नजर आ रहे हैं।
05:38 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी ने मकान मालिकों को चेतावनी दी
ममदानी ने अमीर कारोबारियों और मकानमालिकों को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा
हम उन मकान मालिकों को जवाबदेह ठहराएंगे, जो किराएदारों का शोषण करते हैं। क्योंकि हमारे शहर में ट्रम्प जैसे लोग अपने किराएदारों से फायदा उठाने के आदी हो चुके हैं। हम उस भ्रष्ट व्यवस्था को खत्म करेंगे जिसने अरबपतियों को टैक्स से बचने और छूटों का गलत फायदा उठाने दिया है।

05:35 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी बोले- ट्रम्प, वॉल्यूम जरा तेज करो
ममदानी ने अपने भाषण में सीधे डोनाल्ड ट्रम्प को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस शहर (न्यूयॉर्क) ने ट्रम्प को पैदा किया, वही अब देश को दिखाएगा कि उन्हें कैसे हराया जाता है।
ममदानी ने कहा, “डोनाल्ड ट्रम्प, मुझे पता है कि आप यह देख रहे हैं। मेरे पास आपके लिए चार शब्द हैं- ‘वॉल्यूम जरा तेज करो’
05:29 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने कार्यकर्ताओं से काम पर लौटने को कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी सोशल मीडिया साइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा,
रिपब्लिकन पार्टी के लोग, काम पर वापस लौटो! फिलिबस्टर नियम खत्म करो! कानून और वोटिंग सुधार से जुड़े बिल पास करो!

05:20 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी ने जीत के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया
04:54 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी ने अपनी जीत को हर न्यू यॉर्कर की जीत बताया
ममदानी ने कहा कि यह जीत हर न्यू यॉर्कर की जीत है। यह टैक्सी ड्राइवरों से लेकर खाने बनाने वाले कर्मचारियों तक की जीत है।
ममदानी ने कहा कि भविष्य हमारे हाथों में है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी एंड्रयू कुओमो पर इशारा करते हुए कहा,
हमने एक राजनीतिक वंश को हरा दिया है। मैं उन्हें निजी जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं, लेकिन आज उनका नाम आखिरी बार ले रहा हूं।


04:48 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी बोले- उम्मीद अभी जिंदा है
ममदानी ने अपनी जीत के बाद कहा कि उम्मीद अभी जिंदा है। उन्होंने कहा कि ऐसे राजनीतिक माहौल में जनता ने उन्हें चुना है। यह एकजुटता, बदलाव और उम्मीद पर विश्वास की जीत है। ममदानी ने कहा,
न्यूयॉर्क, हमने डर का जवाब दे दिया है। आज हमने साफ आवाज में कहा है कि उम्मीद जिंदा है।

04:43 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी बोले- न्यूयॉर्क ने बदलाव का जनमत दिया है
न्यूयॉर्क सिटी के नए मेयर जोहरान ममदानी ने अपनी जीत के बाद कहा कि जनता ने बदलाव के लिए साफ संदेश दिया है। उन्होंने समर्थकों से कहा-
न्यूयॉर्क ने आज रात बदलाव का जनमत दिया है। एक नई तरह की राजनीति का जनमत दिया है। ऐसे शहर के लिए जनमत दिया है जहां लोग रह सकें और ऐसी सरकार का जनमत दिया है जो ये सब सच में करके दिखाए।


04:28 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ओबामा ने डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत पर बधाई दी
पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने डेमोक्रेटिक पार्टी के सभी विजेता उम्मीदवारों को जीत की बधाई दी और इसे एकता और मजबूत नेतृत्व की जीत बताया।
ओबामा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा,
“सभी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को जीत की बधाई। यह याद दिलाता है कि जब हम एकजुट होकर आगे की सोच रखने वाले नेताओं के साथ खड़े होते हैं, तो जीत मिलती है। अभी और काम बाकी है, लेकिन भविष्य थोड़ा उजला दिख रहा है।”
04:20 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
न्यूयॉर्क सिटी में 55 साल बाद रिकॉर्ड वोटिंग
न्यूयॉर्क सिटी बोर्ड ऑफ इलेक्शंस ने बताया कि शहर में मेयर चुनाव के लिए हुए वोटिंग में 20 लाख से ज्यादा लोगों ने वोट डाला। 1969 के बाद यह पहला मौका है जब न्यूयॉर्क में इतनी बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान किया।
04:08 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने शटडाउन को चुनावी हार की वजह बताया
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को हुए चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की हार पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि रिपब्लिकन उम्मीदवार इसलिए हारे क्योंकि बैलेट पर उनका (ट्रम्प का) नाम नहीं था और शटडाउन लगा हुआ था।
ट्रम्प ने न्यू जर्सी के गवर्नर उम्मीदवार जैक सियाटरेल्ली का इस साल की शुरुआत में समर्थन किया था। इसके अलावा, उन्होंने न्यू जर्सी और वर्जीनिया चुनावों से पहले कई वर्चुअल रैलियां भी कीं। हालांकि, उन्होंने वर्जीनिया की रिपब्लिकन उम्मीदवार विंसम अर्ल-सीअर्स को खुलकर समर्थन नहीं दिया।
चुनाव से एक दिन पहले, सोमवार रात, ट्रम्प ने अपने समर्थकों से अपील की थी कि वे न्यूयॉर्क के मेयर चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार जोहरान मामदानी और रिपब्लिकन कर्टिस स्लिवा की बजाय पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो को समर्थन दें।
04:04 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की पहली बड़ी जीत
ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने पहली बड़ी चुनावी जीत हासिल की है। न्यूयॉर्क में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार ममदानी ने जीत हासिल की है। उनके अलावा वर्जीनिया के गवर्नर चुनाव में डेमोक्रेट उम्मीदवार स्पैनबर्गर ने रिपब्लिकन गवर्नर ग्लेन यंगकिन को हरा दिया है।
साथ ही न्यू जर्सी के गवर्नर के लिए मिकी शेरिल ने ट्रम्प समर्थक रिपब्लिकन उम्मीदवार जैक सिट्टारेली को हराया।
03:48 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
व्हाइट हाउस बोला- ट्रम्प ही आपके राष्ट्रपति हैं
ममदानी की जीत के बीत अमेरिकी व्हाइट हाउस ने एक्स पर एक कवर पोस्ट किया है। इसमें लिखा है, ट्रम्प आपके राष्ट्रपति हैं।
03:42 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी की जीत जश्न मना रहे समर्थक
ममदानी के जीत के बाद उनके समर्थक न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन पैरामाउंट थिएटर में जश्न मना रहे हैं। यहां आज जोहरान ममदानी के भाषण देने की उम्मीद है।

03:29 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
म्यूजिक ने रिबेल बनाया, फिर राजनीति में उतरे ममदानी
ममदानी राजनीति में आने से पहले हिप-हॉप रैपर थे। उनका सबसे मशहूर गाना ‘कांडा’ था, जो युगांडा में वायरल हुआ। इस गाने में युगांडा की राजधानी कम्पाला की जिंदगी और युवाओं की चुनौतियों को दिखाया गया था।
ममदानी कहते हैं कि संगीत के जरिए उन्होंने पहली बार महसूस किया कि समाज में असमानता और पहचान की राजनीति पर आवाज उठाना जरूरी है।
कॉलेज से निकलने के बाद ममदानी क्वींस चले गए। यहां उन्होंने प्रवासियों, किराएदारों और ब्लैक लाइव्स मैटर जैसे आंदोलनों में हिस्सा लिया। इसी दौरान साल 2017 में ममदानी ने डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ अपनी राजनीति की शुरुआत की।
2020 में वो न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के लिए चुने गए। 2022 और 2024 में उन्हें निर्विरोध जीत मिली। अपने कार्यकाल के दौरान ममदानी ने ऐसे मुद्दे उठाए जो सीधे आम लोगों से जुड़े थे। इससे उन्हें खूब पॉपुलैरिटी मिली।
उन्होंने किफायती आवास को न्यूयॉर्क के हर लोगों का अधिकार बताया। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मुफ्त करने की मांग की और न्यूनतम वेतन को 30 डॉलर प्रति घंटा (करीब ₹2,578) करने का प्रस्ताव रखा।
अब तक ममदानी ने विधानसभा में 20 विधेयकों का समर्थन किया है, जिनमें से 3 कानून के रूप में पारित हो चुके हैं। इनमें से एक बिल किराए पर रोक (रेंट कैप) को लेकर था, जिसने शहर के मध्यवर्गीय और प्रवासी इलाकों में उन्हें काफी लोकप्रिय बना दिया। इस साल की शुरुआत में उन्होंने सीरियाई-अमेरिकी कलाकार रमा दुवाजी से शादी की। दोनों की मुलाकात डेटिंग एप हिंज पर हुई थी।

राजनीति में आने से पहले ममदानी मिस्टर कार्डामम के नाम से म्यूजिक बनाते थे। (फोटो-यूट्यूब)
03:28 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी को पागल कम्युनिस्ट बता चुके ट्रम्प
ममदानी का चुनावी एजेंडा सीधा आम लोगों की जेब और उनके रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा है। उन्होंने वादा किया है कि न्यूयॉर्क को ऐसा शहर बनाया जाएगा जहां हर व्यक्ति सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सके।
ममदानी का कहना है कि इन योजनाओं के लिए फंडिंग बड़े कॉर्पोरेशंस और शहर के अमीर तबके पर नए टैक्स लगाकर की जाएगी। उनका अनुमान है कि इससे करीब 9 अरब डॉलर जुटाए जा सकते हैं।
इन टैक्सों के लिए ममदानी को न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली और गवर्नर कैथी होचुल का समर्थन चाहिए होगा। गवर्नर ने उनका समर्थन तो किया है, लेकिन कहा है कि वे इनकम टैक्स बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प उनकी नीतियों से खुश नहीं दिखते। वे जोहरान ममदानी को पागल कम्युनिस्ट करार दे चुके हैं। वे कहा था कि अगर ममदानी जीते तो वे शहर की फंडिंग रोक देंगे।
03:27 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
ममदानी के वादों से अमीर बिजनेसमैन परेशान
ममदानी के वादों से शहर के कारोबारी भी परेशान हैं। जब जून में उन्होंने डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीती, तो वॉल स्ट्रीट में चिंता बढ़ गई थी। कई कारोबारियों ने शहर छोड़ने की धमकी तक दे दी थी।
कुछ बिजनेसमैन ने कहा था कि न्यूयॉर्क अब बर्बाद होने से बस एक कदम दूर है।
ममदानी खुद को ‘डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट’ कहते हैं, यानी वे कॉर्पोरेट्स के बजाय आम लोगों की नीतियों के पक्षधर हैं। ट्रम्प ने धमकी दी है कि अगर न्यूयॉर्क वालों ने एक ‘कम्युनिस्ट’ को चुना तो शहर की फंडिंग रोक दी जाएगी।
ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के वामपंथी धड़े (DSA) से जुड़े हैं। यह गुट बड़ी कंपनियों, अरबपतियों और डेमोक्रेटिक पार्टी की पारंपरिक नीतियों का विरोधी है। अगर ममदानी जीतते हैं तो यह सिस्टम के अंदर रहकर सिस्टम को चुनौती देने वाली जीत मानी जाएगी।

03:27 AM5 नवम्बर 2025
- कॉपी लिंक
दुनिया का सबसे ताकतवर शहर न्यूयॉर्क
न्यूयॉर्क सिटी को अमेरिका का दिल कहा जाता है। यहां का मेयर होना सिर्फ एक शहर का मुखिया बनना नहीं है, बल्कि यह अमेरिका की सबसे प्रभावशाली राजनीतिक कुर्सियों में से एक पर बैठने जैसा है। यही वजह है कि इस चुनाव पर दुनियाभर की निगाहें हैं।
न्यूयॉर्क की सालाना GDP करीब 2.3 ट्रिलियन डॉलर है। यानी कि अकेला न्यूयॉर्क सिटी, पूरे भारत की GDP के आधे से भी ज्यादा है। न्यूयॉर्क का मेयर शहर के प्रशासन, पुलिस, ट्रांसपोर्ट, हाउसिंग, एजुकेशन और हेल्थ सिस्टम पर कंट्रोल रखता है।
