raj kundra shilpa shetty best deal tv 60 crore fraud case | राज-शिल्पा के खिलाफ ₹60 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला: EOW की जांच में खुलासा – कंपनी में निवेशकों के पैसों का गलत इस्तेमाल हुआ

Actionpunjab
7 Min Read


5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

धोखाधड़ी केस में बिजनेसमैन राज कुंद्रा और एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच में सामने आया है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी की कंपनी ‘बेस्ट डील टीवी’ से जुड़ा धोखाधड़ी का मामला 60 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, मुंबई पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि राज कुंद्रा से जुड़ी कंपनियों के पूर्व CFO (मुख्य वित्त अधिकारी), अकाउंटेंट और पूर्व डायरेक्टर्स के बयानों से पता चला कि निवेशकों के पैसे का गलत इस्तेमाल किया गया था। ये रकम राज कुंद्रा से जुड़ी कंपनियों, जैसे स्टेटमेंट मीडिया सॉल्यूशंस और लॉजिस्टिक्स के जरिए हेराफेरी की गई।

रिकॉर्ड पर कई पेमेंट्स दिखाए गए, लेकिन असल में पैसे दिए ही नहीं गए।

अब मुंबई पुलिस ने बैंक खातों का फोरेंसिक ऑडिट कराने का आदेश दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धोखाधड़ी का पूरा पैमाना कितना बड़ा है।

चार कर्मचारियों को पूछताछ के लिए किया गया तलब

इससे पहले EOW ने शिल्पा और राज की कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के चार कर्मचारियों को इस मामले में पूछताछ के लिए तलब किया था।

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि चार में से एक कर्मचारी ने पिछले हफ्ते EOW के सामने अपना बयान दर्ज कराया था और जरूरत पड़ने पर उसे दोबारा बुलाया जा सकता है।

बाकी तीन कर्मचारियों के बयान आने वाले दिनों में दर्ज किए जाएंगे। ये सभी उस समय राज कुंद्रा की कंपनी में सीनियर पोजिशन पर थे।

EOW की पूछताछ का मकसद यह पता लगाना है कि राज कुंद्रा द्वारा बताए अनुसार क्या वाकई 20 करोड़ रुपए ऑफिस की सजावट (furnishings) पर खर्च किए गए थे। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कर्मचारियों की सैलरी कंपनी की कमाई से दी गई थी या किसी अन्य स्रोत से।

EOW इन कर्मचारियों से पूछताछ करके पैसों के लेनदेन की पूरी कड़ी (money trail) जोड़ने की कोशिश कर रही है।

EOW जल्द ही उन प्रोडक्ट सप्लायरों और कंपनियों से भी पूछताछ करेगी, जिन्होंने राज कुंद्रा की कंपनी के लिए विज्ञापन बनाए थे। सभी पूछताछ पूरी होने के बाद, ज़रूरत पड़ने पर कुंद्रा को दोबारा बुलाया जाएगा।

क्या है 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला?

अगस्त 2025 में मुंबई के एक बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई है। दीपक कोठारी के मुताबिक, उनकी मुलाकात 2015 में एजेंट राजेश आर्या के जरिए शिल्पा और कुंद्रा से हुई थी। उस समय दोनों बेस्ट डील टीवी के डायरेक्टर थे और शिल्पा के पास कंपनी के 87% से ज्यादा शेयर थे।

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ दर्ज मामले की FIR की कॉपी।

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ दर्ज मामले की FIR की कॉपी।

शिकायत के अनुसार, एक मीटिंग में तय हुआ कि शिल्पा और राज कुंद्रा की कंपनी को दीपक लोन देंगे। कंपनी के लिए 75 करोड़ रुपए का लोन मांगा था, जिस पर 12% सालाना ब्याज तय हुआ।

दीपक कोठारी का आरोप है कि बाद में शिल्पा और कुंद्रा ने उनसे कहा कि लोन पर टैक्स की परेशानी आ सकती है, इसलिए इसे इन्वेस्टमेंट के रूप में दिखाते हैं और हर महीने रिटर्न देंगे। अप्रैल 2015 में कोठारी ने करीब 31.95 करोड़ रुपए की पहली पेमेंट की। टैक्स से जुड़ी परेशानी जारी रहने पर सितंबर में दूसरी डील हुई और जुलाई 2015 से मार्च 2016 के बीच उन्होंने 28.54 करोड़ रुपए और ट्रांसफर किए।

कुल मिलाकर उन्होंने 60.48 करोड़ रुपए दिए, साथ ही 3.19 लाख रुपए स्टांप ड्यूटी के रूप में चुकाए। कोठारी का दावा है कि अप्रैल 2016 में शिल्पा ने उन्हें पर्सनल गारंटी भी दी थी, लेकिन उसी साल सितंबर में उन्होंने कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया।

इसके बाद शिल्पा की कंपनी पर 1.28 करोड़ रुपए का कर्ज न चुकाने का मामला सामने आया। कोठारी को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कई बार अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन कोई जवाब और पैसे नहीं मिले।

पहले मामला जुहू पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी और जालसाजी के तहत दर्ज हुआ। चूंकि रकम 10 करोड़ से ज्यादा थी, इसलिए जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को सौंप दी गई है। EOW इस केस की जांच कर रही है।

शिल्पा से हुई थी साढ़े 4 घंटे तक पूछताछ

7 अक्टूबर को धोखाधड़ी के मामले में EOW (इकोनॉमिक ऑफेंस विंग) की टीम ने शिल्पा शेट्टी के घर पहुंचकर करीब साढ़े 4 घंटे तक पूछताछ की थी। शिल्पा के अलावा राज कुंद्रा का बयान भी दर्ज किया गया गया था।

जब राज से अक्टूबर के महीने में पूछताछ हुई थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बेस्ट डील को दीपक कोठारी द्वारा दी गई रकम को बिपाशा बसु, नेहा धूपिया और प्रोड्यूसर एकता कपूर को बतौर प्रोफेशनल फीस दी जा चुकी थी।

……………

शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें

‘जिंदगी में कभी गलत नहीं किया, सच सामने आएगा’:शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने ₹60 करोड़ की ठगी के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी

बिजनेसमैन और शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने 60 करोड़ रुपए की ठगी के मामले पर 11 सितंबर को चुप्पी तोड़ी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें….

खबरें और भी हैं…
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *