राम चंद्र सैनी | फतेहपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में दो ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार 6 वर्षीय बच्ची की दबकर मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे बाकरगंज मोहल्ले में हुई।
मृतक बच्ची की पहचान अमरीन (6) के रूप में हुई है, जो अपनी मां शबनम के साथ बाजार जा रही थी। अमरीन अपने पिता हिसाम उद्दीन और मां के साथ सनगांव, थाना कोतवाली, संभादा, जिला बांदा की निवासी थी।

जानकारी के अनुसार, जब उनका ई-रिक्शा बाकरगंज मोहल्ले में पहुंचा, तभी दूसरे ई-रिक्शे से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया और अमरीन उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत की खबर सुनकर उसकी मां शबनम का रो-रोकर बुरा हाल था।
पोस्टमॉर्टम हाउस में मृतक बच्ची के पिता ने बताया कि बेटी मां के साथ बाजार जा रही थी, तभी हादसे में उसकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि तहरीर मिलने पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।