उन्नाव2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उन्नाव जिला मुख्यालय पर सोमवार को अधिवक्ताओं ने सदर तहसीलदार सुरभि गौतम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश मिश्र के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार और कार्यशैली में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।
अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसीलदार सुरभि गौतम बिना पैसे लिए कोई काम नहीं करतीं। उनके अनुसार, मुकदमों की सुनवाई समय पर न होने से वादकारियों को परेशानी होती है और सरकारी कार्यों में भी अनावश्यक विलंब किया जाता है। अधिवक्ताओं ने कहा कि कई बार शिकायतें करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ा।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरीश मिश्र ने बताया कि तहसीलदार का व्यवहार अधिवक्ताओं और आम जनता दोनों के प्रति असहयोगपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार समय पर दफ्तर में उपस्थित नहीं होतीं और मुकदमों की फाइलें बेवजह लंबित रखती हैं। मिश्र ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो अधिवक्ता कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर चले जाएंगे।

जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर वे न्यायिक कार्य ठप कर आंदोलन तेज करेंगे।
जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अधिवक्ताओं के ज्ञापन की जांच कराई जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि आरोपों की सत्यता की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से शांति बनाए रखने और जांच पूरी होने तक सहयोग करने की अपील की है।